Breaking News
recent

दुर्ग पर सीएम वसुंधरा राजे का हैलीकॉप्टर उतरे या नहीं, गूगल मैप का ले रहे सहारा

सवाई माधोपुर/भरतपुर। भरतपुर संभाग में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा का आगाज गुरुवार को सवाईमाधोपुर के रणथम्भौर स्थित त्रिनेत्र गणेशजी मंदिर से होगा। लेकिन सीएम दुर्ग तक कैसे पहुंचेंगी, इसको लेकर अभी तक संशय बरकरार है।

 

अब तक सीएम का हैलीकॉप्टर दुर्ग में उतारने का कार्यक्रम था, लेकिन सुरक्षा कारणों के चलते इसमें अडंग़ा लग रहा है। दुर्ग में हैलीकॉप्टर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी जी जान से कोशिश कर रहा है।

 

इसके लिए गूगल मैप के जरिए मौका स्थिति की जांच की जा रही है। साथ ही विमान पायलट भी यहां आकर मौका देखेंगे। प्रशासन के अनुसार बुधवार शाम तक इस पर निर्णय हो सकेगा।

 

इसलिए खतरे की आशंका
दुर्ग में पद्मला तालाब के निकट स्थित पुष्प वाटिका पार्क में प्रशासन की ओर से अस्थायी हैलीपेड बनाने की तैयारी की जा रही है। अस्थायी हेलीपेड के पास तालाब है, जरा सी चूक से हादसा हो सकता है। चारों ओर ऊंची दीवार भी है, संतुलन बिगडऩे पर हेलीकॉप्टर टकरा भी सकता है। दुर्ग पहाडिय़ों के बीच है और घने जंगल भी हैं, ऐसे में पायलट को रास्ता तलाशने में मुश्किल होगी। अगर प्रशासन दुर्ग में हैलीकॉप्टर नहीं उतारता है तो शेरपुर हैलीपेड पर भी तैयारी की जा रही है।

 

अब तक एक बार ही उतरा हैलीकॉप्टर
गणेश मंदिर महंत संजय दाधीच का कहना है कि दुर्ग में अब तक सिर्फ एक बार हैलीकॉप्टर उतरा है। उस वक्त पूर्व सीएम भैरोसिंह शेखावत पाली पुल का उद्घाटन करने आए थे।

 

सुरक्षा कारणों के चलते सीएम का हैलीकॉप्टर रणथम्भौर दुर्ग में उतारने को लेकर निर्णय नहीं हो पाया है। पूरी एक्सरसाइज करके बुधवार शाम तक निर्णय किया जा सकेगा। वैसे वैकल्पिक तौर पर शेरपुर हैलीपेड तैयार कर रहे हैं।
-पीसी पवन, जिला कलक्टर, सवाईमाधोपुर

 

भुसावर में सभा, हलेना में स्वागत
भुसावर में मंगलवार को मुख्यमंत्री की सभा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजन लाल ने बताया कि पहले दिन भुसावर में सभा व हलैना में स्वागत कार्यक्रम होगा। 18 अगस्त को सीएम राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में जाएंगी। 19 अगस्त को कुम्हेर, नगर व कामां में जनसभा होगी। इसके बाद यात्रा 20 अगस्त को उच्चैन, वीरमपुरा, बयाना व खेरियामोड होते हुए धौलपुर जिले में प्रवेश कर जाएगी।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.