फतेहपुर. राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर शेखावाटी शहर के वार्ड 10 में स्थित सब्जीफरोश मोहल्ले में शुक्रवार को एक ही परिवार के पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। यहां एक महिला ने खुद व अपने चार बच्चों को जहरीले कपूर की गोली खिला दी। पांचों को तबीयत बिगडऩे पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन्होंने पुलिस को बताया कि दवा के भरोसे कपूर की गोली खा गए।
पुलिस के मुताबिक वार्ड 10 के सब्जीफरोश मोहल्ले में रहने वाली परवीन पत्नी असगर व उसके बच्चों ने जहरीला पदार्थ खा लिया था। उसने कपूर की गोली खुद खाने के बाद अपने बेटे इरफान, आसिफ, बेटी अफरीन व सुम्मैया को भी खिला दिया।
थोड़ी ही देर में पंाचों की तबीयत बिगडऩे लग गई। इस पर परवीन के भाई व जेठ के बेटे ने पांचों को अस्पताल पहुंचाया। पांचों को अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सकों ने इलाज शुरू कर दिया। मामले की जानकारी मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची व महिला व बच्चों के बयान लिए। परवीन का पति असगर विदेश रहता है। घर में परवीन बच्चों के साथ रहती है। सूत्रों के अनुसार तंगी की वजह से विषाख्त पदार्थ खाने की बात सामने आ रही है।
पुलिस से बोली, कम दिखाई देता है दवाई समझ खा लिया
परवीन के बयान लेने पहुंची कोतवाली पुलिस को उसने बताया कि वह अस्पताल से दवाई लेकर आई थी उसके बच्चों को भी जुकाम व बुखार था। जिस अलमारी में दवाई रखी उसमें पहले से कपूर भी पड़ा था। गलती से उसने डेढ़ गोली कपूर की खा ली और आधी आधी गोली बच्चों को भी खिला दी। हालांकि उसकी कहानी पुलिस के गले नहीं उतर रही है।
मोहल्ले में मच गया हड़कंप
एक साथ पांच लोगों के जहरीला पदार्थ खाने की खबर पलभर में ही पूरे मोहल्ले में फैल गई। जानकारी मिलते ही काफी लोग अस्पताल में पहुंच गए। शहर के भी कई लोग अस्पताल पहुंचे। लोगों में चर्चा का विषय बना रहा कि गलती से पांच लोगों ने जहरीला पदार्थ खा लिया।





No comments:
Post a Comment