पाली। यौन दुराचार के आरोप में फंसे दाती मदन की मुश्किलें कम नहीं हो
रही है। सोमवार को मामले की जांच कर रही दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने
राजस्थान राज्य महिला आयोग से दाती के आलावास गुरुकुल के बारे में
रिपोर्ट ली। टीम यह दस्तावेज लेकर वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गई।
गत दिनों दाती के आश्रम में बालिकाओं की संख्या, उनके गायब होने का मामला,
गुरुकुल के रजिस्ट्रेशन नहीं होने का मामला उठा था। इस पर राज्य महिला
आयोग की टीम गुरुकुल पहुंची। आयोग ने जिला कलक्टर के माध्यम से भी इसकी
जानकारी मांगी थी। इस पर जिला कलक्टर सुधीर कुमार शर्मा ने आलावास स्थित
आश्वासन गुरुकुल पर विभिन्न विभागों की टीम भेजकर रिपोर्ट तैयार करवाई।
यह रिपोर्ट महिला आयोग को भेजी। सोमवार को दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम
जयपुर में महिला आयोग अध्यक्ष सुमन शर्मा से मिली। टीम ने वहां से
गुरुकुल की रिपोर्ट व दस्तावेज लिए। उल्लेखनीय है कि दाती के खिलाफ
दिल्ली में गुरुकुल की शिष्या ने ही यौन दुराचार का मामला दर्ज कराया था।
इसकी जांच दिल्ली क्राइम ब्रांच कर रही है।
लुटेरी दुल्हन सहित तीन जनों को जेल भेजा
पाली। दो से चार लाख रुपए लेकर शादी करवाने वाले गिरोह के दो दलालों व
लुटेरी दुल्हन को न्यायालय ने जेल भेज दिया।
सदर थाना पुलिस के अनुसार गुड़ा नारकान निवासी तुलसाराम सीरवी ने रिपोर्ट
दी थी कि उन्होंने मध्यप्रदेश के खरगोन सेहगांव (ऊन) निवासी आशा राठौड़
पत्नी दिलीप राठौड़ के जरिए अपने पुत्र मूलाराम की शादी मध्यप्रदेश
निवासी रेखा (25) से करवाई। जिसके बदले आशा ने उनसे रुपए लिए। शादी के एक
माह बाद ही वह परेशान करने लगी तथा आत्महत्या की धमकियां देने लगी।
पुलिस ने इस मामले में रेखा, आशा व उसके पति दिलीप राठौड़ को गिरफ्तार
किया था। रिमाण्ड अवधि पूरी होने पर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां
उसे उन्हें जेल भेज दिया गया। उल्लेखनीय है कि आशा व दिलीप ने रेखा की
बिलाड़ा, बिलावास, जयपुर, भगवानपुरा, भालेलाव, गुड़ा नारकान, पूना में एक
के बाद एक आठ जनों से रुपए लेकर फर्जी शादी करवाई थी। दो माह से अधिक एक
भी जगह रेखा नहीं रुकी। उन्हें दहेज प्रताडऩा के मामले में फंसाने की
धमकियां देकर वापस पीहर चली जाती थी। रेखा की नसबंदी हो रखी थी।





No comments:
Post a Comment