जैसलमेर. रक्षाबंधन पर्व रविवार को मनाया जाएगा। रक्षाबंधन पर्व को लेकर महिलाओं व बालिकाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजार में राखियों की दुकानें, स्टाल, ठेले आदि सजने लगे हैं। जिन पर महिलाओं व बालिकाओं द्वारा भांति भांति की राखियों की खरीद की जा रही है। इन दिनों कोरियर व पोस्ट ऑफिस में भी राखियों के लिफाफे व पैकेट देखने को मिल रहे हैं। बाजार में ठेलों व स्टालों पर राखियों के साथ साथ श्रीफल, कुमकुम व चावल के पुडिय़ां भी देखने को मिल रही है। महिलाओं व बालिकाओं द्वारा दुकानों, ठेलों, स्टालों पर ही राखियों की खरीदी की जा रही है।
स्थापना दिवस पर प्रतिभाओं का किया सम्मान
जैसलमेर. जैसलमेर के 863वें स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार रात सोनार दुर्ग की अखे प्रोल में समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। सेना के मेजर जनरल ओ. पी. गुलिया के मुख्य आतिथ्य एवं जिला प्रमुख अंजना मेघवाल तथा विधायक छोटूसिंह भाटी के आतिथ्य में आयोजित समारोह के अवसर पर पूर्व राजघराना के सदस्य बृजराजसिंह, रासेश्वरी राज्यलक्ष्मी तथा चैतन्यराज सिंह भी मौजूद थे।
रत्नावती की वीरता का प्रदर्शन
कार्यक्रम का खास आकर्षण जैसलमेर राजपरिवार की साहसी औरनिडर बेटी रत्नावती के नाटक का मंचन रहा। नाटक में रत्नावती की सूझबूझ से आक्रांता अल्लाउद्दीन खिलजी के आक्रमण को अकेले दम पर ध्वस्त करने का मार्मिक मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय ने दर्शकों का दिल जीत लिया तो सेना की बैंड की मधुर स्वर लहरियों ने उन्हें बांधे रखा। खचाखच भरे पंडाल में जैसलमेर वासियों ने स्थापना दिवस पर बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। मुख्य अतिथि मेजर जनरल गुलिया ने कहा कि सोनार दुर्ग का इतिहास भी स्वर्णिम रहा है। विभिन्न आक्रांताओं के हमलों के बावजूद जैसलमेर के शासकों के अदम्य साहस के कारण यह किला आज तक अजेय है। इसे कोई जीत नहीं सका। उन्होंने कहा कि हमारा इतिहास हमें गौरवान्वित करता है। इतिहास हमारे पूर्वजों की देन है। इसे संजोये रखना हमारा दायित्व है। श्री गिरधर धर्मार्थ ट्रस्ट की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य प्रबंधक रघुवीर सिंह भाटी ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन रंगकर्मी विजय बल्लाणी ने किया।





No comments:
Post a Comment