पलसाना (सीकर). कस्बे में बुधवार रात चोरों ने एक के बाद एक चार घरों में सेंध लगा दी। चोर यहां से नकदी और गहने चुरा ले गए। इस दौरान एक घर में जाग होने पर चोरों ने चाकू की नोक पर महिला और उसके दोहिते को कमरे में बंद कर दिया और दूसरे कमरे से चोरी कर ले गए।
कस्बे के कुमावतों का मौहल्ला निवासी कमला देवी ने बताया कि रात करीब दो बजे उसकी नींद खुली तो चार जने उसके घर में घुसे हुए थे।जब उसने उनसे घर आने का कारण पूछा तो गाली गलौच कर धमकाते हुए उसके पास आ गए और कमरे में ही रहने की बात कही। इस दौरान उसने अपने दोहिते विक्रम को आवाज लगाकर जगाया तो चोरों ने चाकू दिखाकर उन्हें डरा दिया।
दोनों को कमरे में बंद कर दूसरे कमरे में रखी आलमारियों और बक्सों में रखे करीब नौ हजार रुपए, सोने की तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, मादलिया, चांदी की दो जोड़ी पायजेब और चांदी के कड़े चुराकर ले गए। बाद में चोरों ने थोड़ी ही दूरी पर स्थित घासीराम कुमावत के मकान का ताला तोड़कर मकान में रखी आलमारी से दस हजार रुपए, एक सोने की अंगूठी, कान के बाले और दो जोड़ी चांदी की पायजेब चुरा लिए। इनके अलावा भी चोरों ने दो घरों में सेंध लगाई।
डेढ़ घंटे बाद पड़ोसियों ने निकाला
चोरों ने कमलादेवी और उसके दोहिते को चाकू दिखाकर कमरे में बंद कर दिया। कमला देवी ने बताया कि एक युवक के हाथ में लठ और जैळी थी। तीसरे युवक ने उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया और कमरे में बंद कर दिया। चोरों के जाने के बाद बरसात शुरू हो गई। इस दौरान उन्होंने काफी शोर भी किया। लेकिन पड़ोसियों ने उनकी आवाज नहीं सुनी। बाद में बरसात रुकने पर करीब डेढ़ घंटे बाद पड़ौसियों ने उनको निकाला।
गाड़ी लेकर आए थे चोर
लोगों ने बताया कि जिस घर में चोर घुसे उसके पास गाड़ी के टायरों के निशान बने हुए है। एक घर में तो चोर श्मशान घाट से होकर घुसे। ऐसे में चोरों ने श्मशान घाट का ताला भी तोड़ दिया और फिर इसी रास्ते घर से लोहे का छोटा बक्सा ही उठा ले गए। लोगों ने बताया कि बक्से को चोर गाड़ी में ही डालकर ले गए है।
बढ़ रही चोरियां
सीकर जिले में इन दिनो लगातार चोरी की वारदातें हो रही हैं। चोर हर दिन इलाका बदल बदल कर वारदात कर रहे हैं। एक दिन पहले रामगढ़, उससे पहले लक्ष्मणगढ़ और उससे पहले सीकर शहर में चोरी की वारदातें हुई थी। जिले में कच्छा बनियान गिरोह भी सक्रिय है जो कई वारदातें कर चुका है। इसके बाद भी पकड़ में नहीं आ रहा है।





No comments:
Post a Comment