Breaking News
recent

हत्या के विरोध में रास्ता रोक जताया आक्रोश

सुमेरपुर (निसं) . भारुन्दा गांव में वृद्धा चुन्नीबाई (७०) पत्नी वीराराम घांची की हत्या के विरोध में मंगलवार को ग्रामीण आक्रोशित हो गए। आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर महिलाओं व अन्य ग्रामीणों ने थाने के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया और रास्ता रोका। उन्होंने शव उठाने से इनकार कर दिया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद वे शांत हुए। पुलिस को हत्या के राजफाश के लिए १५ दिन का अल्टीमेटम दिया गया। आश्वासन के बाद शव उठाया गया। मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतका के पुत्र की रिपोर्ट पर मामला दर्जकर जांच शुरु की है।
मंगलवार सुबह दस बजे भारुन्दा से विभिन्न वाहनों से सैकड़ों ग्रामीण व घांची समाज के लोग सुमेरपुर पहुंचे। यहां लोगों ने थाने के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों को गिरफ्तार करने व ग्रामीण इलाके में पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। मामला बिगड़ता देख पुलिस उपाधीक्षक कानसिंह भाटी, सुमेरपुर थानाप्रभारी सुमेरसिंह इन्दा, तखतगढ़, साण्डेराव व नाना थाने से अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया। प्रदर्शनकारियों में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल थी। महिलाओं ने रास्ता रोक दिया। इससे यातायात जाम हो गया। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाइश की। उपखण्ड अधिकारी विनोदकुमार मल्होत्रा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले के शीघ्र राजफाश का आश्वासन दिया। समझाइश के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त किया और शव उठा लिया।



सर्पदंश से अधेड़ का टूटा दम
तखतगढ़. कस्बे के खेड़ावास मोहल्ले में छह दिन पूर्व रात को घर पर सोए एक अधेड़ का उपचार के दौरान जोधपुर में दम टूट गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। हैड कांस्टेबल नाथूसिंह ने बताया कि २६ जुलाई की रात को कस्बे के खेड़ावास मोहल्ले में घर पर सोए प्रतापराम (४५) पुत्र अचलाराम सुथार को सर्प ने दंश लिया। जिन्हें परिजन उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में लेकर पहुंचे। बाद में उसे गंभीरावस्था में जोधपुर रेफर किया गया। मंगलवार को उपचार के दौरान प्रतापराम का दम टूट गया।


बलाना सरपंच से मारपीट की सरपंच संघ ने थाना प्रभारी से की निष्पक्ष जांच की मांग
तखतगढ़. समीपवर्ती बलाना गांव में छह दिन पूर्व महिला सरपंच श्रीमती ईन्द्रा सोनल से मारपीट के मामले में सुमेरपुर सरपंच संघ ने थाना प्रभारी से भेंटकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। देवतरा सरपंच एवं संघ के अध्यक्ष सुमेरसिंह ने बताया कि २६ जुलाई को सरपंच के साथ मारपीट करने का समाचार मिले हैं। लोकतंत्र व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों के साथ जो दुव्यर्वहार किया जा रहा है। वह काफी गंभीर है। संघ के अध्यक्ष सुमेरसिंह, कोसेलाव नारायणसिंह, धणा सरपंच नीतू कुमारी, बसंत सहित अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंच प्रतिनिधियों ने थाना प्रभारी सुरेश सारण से भेंटकर निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। अध्यक्ष ने बताया कि बलाना सरपंच जो सादगी का प्रतीक है। ऐसे में उनके साथ मारपीट के आरोपित स्वरुपाराम पुत्र पदमाराम मीणा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.