पदमपुर। जिले के पदमपुर कस्बे के गांव 19 बीबी के खेत से रविवार सुबह गुब्बारों से बंधा एक पाकिस्तान का झंडा पड़ा मिला है। जिसमें उर्दू भाषा में मुहर लगी हुई है। इस झंडे को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है लेकिन यह झंडा यहां तक किस तरह पहुंचा इसकी जांच की जा रही है। इस संबंध में अधिकारियों व इंटेजीजेंस के अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
थानाधिकारी रामेश्वर बिश्नोई ने बताया कि गांव 19 बीबी के रहने वाले राजेन्द्र पुत्र बनवारी लाल ने बताया कि वह रविवार सुबह 7 बजे किन्नू के बाग में गया था। जहां उसने देखा कि गैस के गुब्बारों से लिपटा पाकिस्तान का झंडा उनके खेत में पड़ा था। उसने गांववासियों को एकत्रित कर घटना की जानकारी दी। इससे वहां काफी संख्या में लोग जमा हो गए। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गुब्बारे लगे झंडे को जब्त कर लिया है। इस संबंध में इंटेलीजेंस व पुलिस अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।
माना जा रहा है कि यह झंडा गैस के गुब्बारों से उड़ता हुआ यहां तक पहुंचा है। जिसमें सात-आठ गैस के गुब्बारे झंडे के साथ बंधे हुए है। उनमें गैस खत्म हुई तो झंडा नीचे आ गिरा। इस घटना को लेकर सुरक्षा एजेंसियां चौकसी बरत रही हैं और इसकी बारीकी से जांच चल रही। इसमें आपत्तिजनक सामग्री या संदेश नहीं मिला है। झंडे पर जश्न आजादी मुबारक की मुहर लगी है। जिस पर आजम बरफ़ डीलर आरिफ वाला रोड बहावल नगर, मोबाइल नंबर व पता लिखा हुआ है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा एजेंसियां काफी सतर्क
15 अगस्त को देश स्वतंत्रता दिवस सेलिब्रेट करने जा रहा है। जिसके चलते आतंकी गतिविधियों की भी आशंका है। ऐसे में किसी तरह की चूक स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में खलल पैदा कर सकती है। इसलिए सुरक्षा एजेंसियां काफी सतर्कता बरत रही है।





No comments:
Post a Comment