दंतौर. पूगल व आरडी 682 के बीच बीकानेर रोड पर रविवार सुबह दो कारों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक जने की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक घायल हो गया। पूगल एसएचओ सत्यनारायण गोदारा ने बताया कि एक कार पूगल से बीकानेर जा रही थी। इसे दंतौर निवासी धनराज सोनी चला रहे थे। इस दौरान सामने से एक कार पूगल की ओर आ रही थी। इसमें बीकानेर निवासी डॉ. विजय शांति बांठिया व उनकी टीम सवार थे। इस दौरान दोनों कारों की आमने सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में चालक दंतौर निवासी 45 वर्षीय धनराज सोनी की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई गिरधारिसिंह जाब्ते के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। हादसे में डॉ. विजय शांति बांठिया घायल हो गए। उन्हें बीकानेर भेज दिया गया।
डॉ. बांठिया पूगल में झंवरलाल बुच्चा की पुण्यतिथि पर आयोजित नि:शुल्क चिकित्सा शिविर मे सेवाएं देने आ रहे थे। उनके साथ सहायक के रूप मे संजय बांठिया, धनराज जाट व मदनसिंह माली भी कार मे सवार थे। डॉक्टर के साथ कार में सवार अन्य व्यक्तियों को कोई चोट नहीं आई। मृतक धनराज सोनी के पुत्र रविकुमार ने सामने वाले कार चालक के खिलाफ गफलत व लापरवाही से कार चलाकर टक्कर मारने का आरोप लगाकर मामला दर्ज किया। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्ट्म करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कारों को सड़क से दूर हटाकर आवागमन को सुचारू करवाया। घटना के कुछ समय बाद पूगल सीएचसी के चिकित्सक एल.एस. सोढ़ा भी बीकानेर से आ रहे थे। उन्होंने मौके पर ही दुर्घटना ग्रस्त डॉक्टर को संभाला व प्राथमिक उपचार किया।
डिग्गी में डूबने से मां-बेटे की मौत
खाजूवाला. चक 4 केजेडी में पानी की डिग्गी में डूबने से मां-बेटे की मौत हो गई है। कार्यवाहक थानाधिकारी कंवरसिंह यादव ने बताया कि चक 4 केजेडी निवासी मेजरसिंह ने मर्ग दर्ज करवाई कि शनिवार रात उसकी पत्नी राजकौर (२५) व पुत्र गुरप्रीत सिंह (३) ढाणी में खाना खाकर सो गए। रात करीब 12.30 बजे वह उठा तो देखा कि उसकी पत्नी व पुत्र चारपाई पर नहीं मिले तो इधर-उधर तलाश की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। ससुराल 22 केवाईडी में पता किया तो वहां भी नहीं मिले। रविवार सुबह 4 बजे खेत में बनी ढाणी के पीछे डिग्गी में दोनों डूबे मिले। इस पर दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।





No comments:
Post a Comment