Breaking News
recent

शाही लवाजमे से निकाली तीज माता की सवारी, देखने उमड़े शहरवासी

सवाईमाधोपुर. जिले में श्रावणी तीज का त्योहार सोमवार को धूमधाम से मनाया। इस दौरान कई स्थानों पर तीज माता की सवारी निकाली गई, तो कुछ स्थानों पर मेले का आयोजन किया गया। यहां बजरिया में श्री विजयेश्वर मंदिर ट्रस्ट(शिव मंदिर) में शाम छह बजे मुख्य अतिथि विधायक दीयाकुमारी, यूआईटी चैयरमेन जगदीश अग्रवाल व सांसद सुखबीरसिंह जौनपुरिया की अध्यक्षता में तीज माता की सवारी निकाली। अतिथियों ने शिव मंदिर में तीज माता की पूजा-अर्चना कर यात्रा को रवाना किया। शिव मंदिर से रवाना हुई तीज की सवारी मुख्य बाजार, रेलवे स्टेशन, जामा मस्जिद, पुराना ट्रक यूनियन तक निकाली गई।

इसके बाद यात्रा वापस शिव मंदिर पहुंची। इस मौके पर ट्रस्ट अध्यक्ष गंगाशंकर शर्मा, गिरधारीलाल शर्मा, महावीर, रघुनंदन, सर्व ब्राह्मण महासभा के जिलाध्यक्ष श्रीकिशन शर्मा आदि मौजूद थे। इसी प्रकार शहर में बीड़ी कारखाने के पास दबाव खाना से तीज माता की सवारी निकाली गई। सभापति डॉ. विमला शर्मा व सांसद सुखबीरसिंह जौनपुरिया, नगरपरिषद आयुक्त रविन्द्रसिंह यादव व भाजपा पदाधिकारियों ने तीज माता की पूजा-अर्चना कर शोभायात्रा को रवाना किया। इस दौरान तीज माता की झांकी आकर्षण का केन्द्र बनी रही।

रास्ते में महिलाओं ने तीज माता की आरती उतारकर व पूजा कर सुख समृद्धि की कामना की। शहर में दबावखाना से रवाना हुई शोभायात्रा मुख्य बाजार होते हुए भैरू दरवाजे तक पहुंची। इसके बाद तीज माता की सवारी वापस दबावखाना पहुंची। यात्रा में नगरपरिषद कर्मचारी व पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। उधर, श्रावणी तीज के चलते महिलाएं हाथों में मेहंदी रचाकर लहरिया की साड़ी पहनकर मंदिरों में पहुंची। जहां तीज माता की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। बाजारों में घेवरों की जमकर बिक्री हुई। घरों में कई तरह के व्यंजन बनाए गए।

 

घुश्मेश्वर महादेव के पूजा अर्चना व दर्शन
शिवाड़. कस्बे में चल रहे श्रावण महोत्सव के अवसर पर को घुश्मेश्वर महादेव के पूजा अर्चना व दर्शन करने के लिए भक्तों की भीड़ रही। घुश्मेश्वर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा ने बताया कि सोमवार को सुबह 11 बजे देवस्थान विभाग राजस्थान सरकार की ओर से रूद्राभिषेक कार्यक्रम होगा। इस अवसर पर भगवान घुश्मेश्वर की पूजा-अर्चना कर देश व प्रदेश की खुशहाली की मंगल कामना की जाएगी । रात आठ बजे कालरा भवन में पारम्परिक जागरण होगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.