सिरोही. न जाने ऊपर से कब मौत टपक जाए... यही डर लिए विद्यार्थी व शिक्षक पिछले दस साल से राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय गुड़ा पहुंच रहे हैं। स्कूल प्रबंधन विद्यार्थियों को विद्युत लाइन की तरफ जाने भी नहीं देता है। स्कूल के ऊपर से 33 केवी व 11 केवी विद्युत लाइन निकलती हैं। जिला कलक्टर, सहायक अभियंता कालन्द्री, सिरोही व सम्पर्क पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज की लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। पिछले दस साल से यही समस्या बनी हुई है। विडम्बना यह है कि 33 केवी लाइन पेड़ों के बीच से गुजरती है। ऐसे में शिक्षक इन विद्यार्थियों को उस तरफ जाने भी नहीं देते हैं। छोटे बच्चे होने के कारण खुदा न खास्ता कभी उस तरफ चले भी जाएं तो बड़ा हादसा हो सकता है। संस्था प्रधान भावेश कुमार पुरोहित ने बताया कि इस समस्या को लेकर कालन्द्री जीएसएस में कई बार लिखित व मौखिक अवगत करवाया है। विद्युत निगम की अनदेखी इन नौनिहालों की जान ले सकती है। बारिश के दिनों में स्थिति गंभीर हो जाती है। स्कूल में वर्तमान समय में 5 शिक्षक कार्यरत हैं। पहली से आठवीं तक 119 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं।
33 केवी विद्युत लाइन हटवाने के लिए प्रस्ताव जोधपुर भेज दिया है। 11 केवी की लाइन जल्द हटवा देंगे।
एमआर चौधरी, एईएन, कालन्द्री
शिक्षकों के पद रिक्त, स्कूल में जड़ा ताला
भटाणा. आदर्श राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पादर में शिक्षकों के पद रिक्त होने से ग्रामीणों ने शनिवार को स्कूल पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि पहली से बारहवीं तक कक्षाएं चलने के बावजूद केवल छह शिक्षक की कार्यरत हैं। नामांकन 250 है। सुबह छात्र व ग्रामीण एकत्रित होकर शिक्षक लगाने पर अड़े रहे। इस पर कार्यवाहक संस्था प्रधान राजकुमार ने दूरभाष से सम्पर्क कर सिरोही डीईओ सोहनसिंह को सूचना दी। इस पर डीईओ ने मौके पर पहुंचकर शिक्षक लगाने का विश्वास दिलवाया। इसके बाद में धरना समाप्त किया। ग्रामीण देवाराम देवासी, देवीसिंह, मंगलसिंह, धीराराम सहित ग्रामीणें ने जिला शिक्षा अधिकारी को बताया कि स्कूल में शिक्षकों की कमी होने से स्तर गिरता जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सात दिन में व्यवस्था नहीं हुई तो जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। स्कूल में प्रधानाचार्य, व्याख्याता राजनीति विज्ञान, गणित, विज्ञान, अंग्रेजी, संस्कृत के शिक्षक नहीं हंै।
मंत्री से दूरभाष पर सम्पर्क कर शिक्षक शीघ्र लगाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।
- जगसीराम कोली, रेवदर विधायक, सिरोही





No comments:
Post a Comment