जालोर. नगरपरिषद के जिस ठेकेदार द्वारा पुलिस क्वार्टर के बाहर बनाई गई सड़क में अनियमितता का आरोप लगा है उसी ठेकेदार को अब पुलिस लाइन में सीसी रोड निर्माण का काम सौंपा गया है। जबकि इस मामले में लगातार शिकायतें हो चुकी है, लेकिन विभाग ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की बजाय तौहफे में उसे ही दूसरा काम भी सौप दिया है।
नगरपरिषद की अनदेखी के साथ साथ इस ठेकेदार की मनमानी भी देखने को मिल रही है। एक तरफ पुलिस क्वार्टर में ठेकेदार जितेंद्र कुमार ने अनियमितता बरती। अब यही ठेकेदार पुलिस लाइन में सीसी रोड निर्माण का काम भी करवा रहा है। इस काम में चोरी छिपे अवैध तरीके से बजरी पुलिस लाइन तक पहुंच रही है। मामला साफ है कि अवैध तरीके से बजरी यहां पहुंचाई जा रही है, लेकिन एक तरफ पुलिस ने मामले में मौन धारण कर रखा है वहीं दूसरी तरफ खनन विभाग भी आंखे मूंदे बैठा है। अलबत्ता पुलिस महकमे में ही न्यायालय के आदेशों की अवहेलना देखने को मिल रही है।
रविवार को भी चला काम
मामला साफ है कि यहां पर चोरी छिपे अवैध खनन के बाद बजरी पहुंच रही है और पुलिस लाइन में लगे बजरी के ढेर पुलिस पर कई सवाल खड़े कर रही है। इस पूरे मामले में पुलिस ने इसलिए मौन धारण कर लिया है क्योंकि यह कार्य महकमे के भीतर ही चल रहा है। ऐसे में पुलिस के लिए न्यायिक आदेश भी वक्त नहीं रख रहे। जबकि खनन विभाग के अधिकारी पूरे मामले में ऐसा प्रदर्शित कर रहे हैं, जैसे अवैध खनन के मामलों से उनका कोई लेना देना नहीं है। अभी यह काम शुरुआती दौर में है और साफ है कि अभी यहां बजरी की जरुरत पड़ेगी तो जाहिर सी बात है कि अभी इस जरुरत को पूरा करने के लिए अवैध खनन किया जाएगा। वहीं इसके लिए हर जगह जगह अवैध खनन किया जाएगा।
गौड़ीजी क्षेत्र में भी चल रहा नियम विरुद्ध काम
गौड़ीजी क्षेत्र के निकट इसी ठेकेदार द्वारा नाले निर्माण का काम चल रहा है। इस काम में भी शुरुआत से अनियमितता बरती गई और अब भी यही सिलसिला जारी है। पहले लंबे समय तक नाला खोदने के बाद इसे खुला छोड़ा गया औरलोगों के घरों की पाइप लाइन को तोड़ा गया। अब निर्माण कार्य में खारे पानी की ईंटों का उपयोग हो रहा है और अवैध खनन के बाद यहां बजरी के ढेर लगाए गए हैं और रास्ता तक बंद कर दिया गया है, लेकिन यहां किसी तरह की कार्रवाई विभाग की ओर से अमल में नहीं लाई जा रही है।
ठेकेदार ने उठा लिया भुगतान, अब भुगत रहे लोग
-पुलिस क्वार्टर में बनाई थी सीसी सड़क, लेवल नहीं लेने से अब हो रहा पानी का भराव
जालोर. शहर में नियमों को ताक पर रखकर नगरपरिषद के ठेकेदार द्वारा किया जा रहा काम आम आदमी पर भारी पड़ रहा है। यही कारण है कि एक तरफ तो ये सड़कें कम समय में टूट रही है। वहीं हलकी सी बारिश होने पर पानी के भराव से इन पर से गुजरना तक मुश्किल हो रहा है। शहर के पुलिस लाइन क्वार्टर में नगरपरिषद के ठेकेदार जितेंद्र कुमार द्वारा बनाई गई सड़क से आमजन बेहाल है। इस सड़क पर निर्धारित ढलान नहीं रखने के कारण इस पर पानी का भराव हो रहा है। जो यहां से गुजरने वाले लोगों के लिए परेशानी का सबब बन रहा है। पुलिस लाइन में 23, 24, 25 व 26 के आगे सीसी रोड का निर्माण करवाया गया था, जिस पर अधिकतर मौकों पर पानी का भराव रहता है। सही निकासी नहीं होने से ये हालात है।
अनेक ज्ञापन, लेकिन फिर भी मौन
ठेकेदार द्वारा लापरवाही पूर्वक किए गए कार्य को लेकर इस ब्लॉक के जवानों ने कई बार नगरपरिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपे, लेकिन आयुक्त ने मामले में न तो उचित कार्रवाई की गई न ही ठेकेदार को पाबंद कर कार्य में अपेक्षित सुधार करवाया गया। मामले में अब तक तीन से चार बार ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं। यहां रहने वाले हैड कांस्टेबल आमसिंह ने बताया कि इन हालातों में मच्छर पनप रहे हैं, जिससे मौसमी बीमारियां फैलने की आशंका है।





No comments:
Post a Comment