Breaking News
recent

राजस्थान गौरव यात्रा पर कांग्रेस का हमला

जयपुर। राजसमंद जिले के चारभूजा मंदिर से आज शुरू हो रही भाजपा की राजस्थान गौरव यात्रा पर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस ने हमला बोला है। कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा को बताना चाहिए कि राज्य सरकार ने ऐसे कौनसे काम किए हैं, जिससे प्रदेश का गौरव बढ़ा है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट ने कहा कि सरकार को जवाब देना चाहिए कि यात्रा का खर्च कौन उठा रहा है। पौने पांच साल तो सरकार ने जनता की सुध नहीं ली, लेकिन चुनाव नजदीक आते ही सीएम जनता से संवाद करने निकली हैं। यात्रा का नाम गौरव यात्रा नहीं बल्कि जवाबदेही यात्रा होना चाहिए था।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री अशोक गहलोत ने भी भाजपा की यात्रा पर निशाना साधा है। गहलोत ने कहा कि ये सरकार की विदाई यात्रा है। सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए लोगों में भ्रम फैला रही है। सरकारी पैसे से यात्रा निकाली जा रही है। मुख्यमंत्री को साफ करना चाहिए कि ये यात्रा भाजपा की है या राजस्थान सरकार की।

कांग्रेस प्रवक्ता प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि कि साढ़े चार तो सरकार ने जनता की सुध नहीं ली। प्रदेश में पूरे समय कुशासन रहा। अब गौरव यात्रा निकाल रहे हैं।महंगाई, बेरोजगारी से युवा और प्रदेश की जनता त्रस्त है। फिर भी भाजपा गौरव यात्रा निकाल रही है तो उसे ये बताना चाहिए कि उसने साढ़े चार साल के कार्यकाल में ऐसे कौनसे काम किए हैं, जिससे प्रदेश का मान बढ़ा हो।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष मुमताज ने भाजपा केवल ड्रामेबाजी में विश्वास रखती है, साढे चार साल में तो कुछ काम किए नहीं अब लोगों के बीच यात्रा निकाल रही है, लेकिन प्रदेश की जनता मन बना चुकी है, भाजपा को प्रदेश से उखाड़ फैंकना है।

महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष रेहाना रियाज ने कहा कि दुष्कर्म के मामलों में राजस्थान देश में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। दिनो-दिन अपराधों का ग्राफ बढ़ता जा रहा है। अपराधियों को कानून का खौफ नहीं है। महिला मुख्यमंत्री होने के बावजूद प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ते जा रहे हैं।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.