प्रतापगढ़. जिलेभर में शनिवार को हरियाली अमावस्या का पर्व मनाया जाएगा। इसके तहत जिले में कई जगह मेले का आयोजन किया जाएगा। वहीं भगवान को मालपुओं का भोग लगाया जाएगा। हरियाली अमावस्या के पावन अवसर पर भाटपुरा हनुमान मंदिर में मेला एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। हरियाली अमावस्या के मेले का आयोजन नगर परिषद प्रतापगढ़ के सौजन्य से किया जा रहा है तथा सभी व्यवस्थाएं भाटपुरा हनुमान मंदिर सेवा समिति की ओर से संपन्न की जा रही है। मेले में अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमेन्द्र नागर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव, नगर परिषद सभापति कमलेश डोसी, नगर परिषद उप सभापति डॉ. विद्या राठौर, नगर परिषद आयुक्त अशोक जैन रहेंगे। मेले के दौरान भव्य भजन संध्या आयोजित की जाएगी। जिसमें नवरंग भजन संध्या एवं आर्केस्ट्रा म्यूजिक लवर्स ग्रुप की ओर से भव्य प्रस्तुति दी जाएगी। भाटपुरा में हनुमान मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष जयंतीलाल राठौर, उपाध्यक्ष मदन गोपाल कुमावत, सचिव कृष्ण कुमार शर्मा ने बताया कि मेलार्थियों के लिए विशेष व्यवस्था है और बारिश से बचाव के लिए वाटर प्रूफ टेंट की व्यवस्थाएं की गई है।
-भंवरमाता में दुकानदारों को किए प्लाट आवंटित
छोटीसादडी. मेवाड मालवा व कांठल क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक व दार्शनिक स्थल भंवरमाता शक्तिपीठ पर शनिवार को हरियाली अमावस्या पर भंवरमाता दर्शनीय स्थल विकास एवं सेवा समिति ट्रस्ट की ओर से एक दिवसीय विशाल मेले का आयोजन होगा। मेला व्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को उपखण्ड अधिकारी प्रकाशचन्द्र रेगर, थानाधिकारी प्रवीण कुमार टांक ने मेले में की जा रही तैयारियों का जायजा लिया।
भर गया एनीकट, चल गई चादर
भंवरमाता शक्तिपीठ पर स्थित एनीकट भी हरियाली अमावस्या से ठीक एक दिन पहले ओवरफ्लो होकर बह निकला। जिसके चलते 70 फीट उंचाई से गिरने वाला जलप्रपात दर्शनार्थियों को आकर्षित कर रहा है। प्रतिवर्ष हजारों लोग इसकी मनोरम छटाओं को देखने व इसके नीचे पवित्र कुण्ड में नहाने का आनन्द लेने आते है।
मेले की तैयारियां पूर्ण
मेले में नगर एवं बाहर से व्यवसाय करने आने वाले व्यवसायियों को शुक्रवार को प्लॉट का आवंटन किया गया। ट्रस्ट की ओर से मेला स्थल पर पार्किंग, जल व्यवस्था, सुरक्षा के लिए पुलिस जवानों के अतिरिक्त जाप्ते, स्काउट गाईड के स्वयंसेवक, ट्रस्ट के पदाधिकारी अपनी सेवाए मेला स्थल पर देंगे। मेले में आने वाले दर्शनार्थियों के लिए रेलिंग बनाई जाकर महिला एवं पुरूषों के लिए अलग-अलग दर्शन करने की व्यवस्था की गई है। मोनिटरिंग का कार्य एनाउन्समेंट द्वारा किया जाएगा। पुलिस प्रशासन ने मेले की व्यवस्थाओं को लेकर अतिरिक्त जाप्ता मंगवाया है। मेले में ट्रस्ट की ओर से दुकानें लगाने के लिए परिसर में लाइनिंग कार्य, पुलिस व्यवस्था, चिकित्साकर्मियों के लिए जगह का आवंटन, स्काउट गाइड, जल व्यवस्था, वाहन पार्किंग, विद्युत व्यवस्था, माइक व्यवस्थाएं की जा चुकी है। नगर के धार्मिक, सामाजिक संगठन के पदाधिकारी मेले की व्यवस्थाएं बनाने में अपना सहयोग करेंगे। मेले में प्लास्टिक थैलियों का इस्तेमाल बंद रहेगा। मेले में आने वाले दर्शनार्थियों से ट्रस्ट ने परिसर में सभ्यता के साथ दर्शन कर परिसर की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। 70 फीट ऊंचाई से गिरने वाले झरने, पहाडिय़ों पर स्टंट करते, सेल्फी लेने पर सख्त कारवाई प्रशासन द्वारा की जाएगी।





No comments:
Post a Comment