जैसलमेर. प्रदेश की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे राजस्थान गौरव यात्रा का जोधपुर संभाग में आगाज करने के लिए शुक्रवार को जैसलमेर आ रही हैं। यहां वे दो सभाओं को सम्बोधित करेंगी और कई विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन सभास्थल से करेंगी। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर दिनभर प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा रहा। सत्ताधारी भाजपा के तमाम नेता-कार्यकर्ता अपनी मुखिया की इस यात्रा को सफल बनाने में पिछले दिनों से जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर पूरा शहर सरकारी योजनाओं व गौरव यात्रा आदि के हॉर्डिंग्स और बैनर्स से पाट दिया गया है। प्रशासन के अलावा भाजपा नेता भी अपना चेहरा चमकाने के इस अभियान में पीछे नहीं रहना चाहते।
चौराहे पर होगी विशाल सभा
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे शुक्रवार को गौरव यात्रा के अंतर्गत हनुमान चौराहा पर सुबह 11 बजे विशाल आमसभा को सम्बोधित करने वाली हैं। इसके लिए यहां करीब साढ़े चार हजार वर्ग फीट क्षेत्रफल में डोम टेंट लगाया गया है। यहां सुव्यवस्थित बैठक व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पिछले दिनों की भांति गुरुवार को भी विभिन्न भाजपा नेता और प्रशासन तथा पुलिस के अधिकारी पहुंचते रहे। इससे पहले मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे पुलिस लाइन मैदान स्थित हेलीपेड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगी। वहां पास ही ‘शक्ति सम्मेलन’ के लिए शामियाना लगाया गया है। इस सम्मेलन में राजे महिलाओं से रूबरू होंगी। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वे शुक्रवार सुबह विमान से सिविल एयरपोर्ट उतरेंगी और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए पुलिस लाइन मैदान में पहुंचेंगी। हनुमान चौराहा पर आमसभा के बाद उनका दोपहर डेढ़ बजे हेलीकॉप्टर के जरिए यात्रा के जिले में दूसरे पड़ाव रामदेवरा जाने का कार्यक्रम निर्धारित है।
व्यस्त सरकारी लवाजमा
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों में गुरुवार को सरकारी तंत्र युद्धस्तर पर जुटा नजर आया। सीएमओ के अधिकारी डॉ. केके पाठक बुधवार शाम से यहां डेरा डाले हुए हैं। उन्होंने गुरुवार को जिला कलक्टर ओम कसेरा के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा पर चर्चा की। उनके अलावा जयपुर से कई सरकारी अधिकारी और भाजपा संगठन के पदाधिकारी यहां पहुंचे हुए हैं। जैसलमेर का सर्किट हाउस इन सरकारी मेहमानों से गुलजार हो गया है। पुलिस लाइन से लेकर हनुमान चौराहा तक का मार्ग और बाहरी मुख्य मार्ग को चमका दिया गया है। दीवारों की पुताई कर उन पर चित्रांकन करवाया गया है। पुलिस लाइन मैदान पर सरकारी विभागों की उपलब्धियों से संबंधित प्रदर्शनी लगाए जाने को लेकर सरकारी विभागों के अधिकारी व कार्मिक भी व्यस्त रहे।





No comments:
Post a Comment