अलवर. अलवर जिले में शीघ्र ही डाकघरों में भी बैंकिंग सेवा प्रारम्भ हो जाएगी। जिले के 5 डाकघर इसके लिए तैयार किए गए हैं आपका किसी भी बैंक में खाता है लेकिन आप डाकघर में जाकर उस बैंक के पैसे निकलवा सकते हैं और जमा भी करा सकते हैं।
अलवर जिले में बैंकिंग सेवा की पूरी तैयारी कर ली गई है। इसके लिए अलवर शहर में मुख्य डाकघर मोती डूंगरी, अट्टा मंदिर वाला पोस्ट आफिस, देहली गेट डाकघर सहित दो ब्रांच पोस्ट आफिस में भी यह सेवा प्रारम्भ की गई है। इन ब्रांच पोस्ट आफिस में तूलेड़ा और बगड़ राजपूत मुख्य है।
प्रवर डाक अधीक्षक बी.एल. भाटी का कहना है कि बैंकिंग सेवा के लिए डाक कर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया है। इसके लिए इन डाकघरों में सभी उपकरण व अन्य संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। अलवर जिले में प्रथम चरण में 5 डाकघरों को इसमें शामिल किया गया है जिसमें आगामी दिनों में और भी डाकघरों को शामिल किया जाएगा।
डाक विभाग में जाइए, किसी भी बैंक का पैसा जमा कराइए
डाक बैंकिंग सेवा लागू होने से उपभोक्ताओं को सबसे अधिक यह लाभ होगा कि यहां किसी भी बैंक में आपका खाता है लेकिन यहां आकर आप इसमें पैसा निकलवा सकते हैं या जमा करा सकते हैं। इसके लिए उपभोक्ता से किसी प्रकार का अतिरिक्त चार्ज नहीं वसूला जाएगा। अलवर जिले के 62 डाकघरों को एक माह के भीतर बैंकिंग सेवा से जोड़ दिया जाएगा। इसके लिए डाक विभाग पूरी तरह तैयार है। डाक विभाग अपने अलग से भी बैंकिंग योजनाएं लाएगा। जिससे जनता को लाभ होगा।
यह होगा फायदा
अलवर जिले में गांव स्तर तक डाकघरों का अपना बड़ा नेटवर्क है। ग्रामीण क्षेत्र में डाकिए ढाणी- ढाणी त पहुंचते हैं। सरकार डाक बैंकिंग को पोस्ट आफिस में डाक सेवा के साथ बैंकिंग सेवा से भी जोड़ेंगी। पूरे देश में इसकी शुरुआत की जा रही है। डाक विभाग अभी भी बैंकिंग की तरह कई सेवाएं चला रहा है जिनमें पोस्ट आफिस सेविंग स्कीम, इंटरनेशनल मनी ट्रांसफर सर्विस, इंडिया पोस्ट पैमेंट बैंक आदि मुख्य हैं। इस बैंकिंग सेवा की प्लानिंग कई वर्षों से डाक विभाग कर रहा है। अलवर के मोती डूंगरी स्थित हैड पोस्ट आफिस के नीचे का तल इसके लिए एक साल पहले से ही बनकर तैयार हो गया है। डाक विभाग को अपने नेटवर्क से इस बैंकिंग सेवा से जोडऩे का लाभ मिलेगा।





No comments:
Post a Comment