जिला जज ने किया जेल का निरीक्षण
प्रतापगढ़. डॉक्टर धरती पर ईश्वर के प्रतिनिधि हंै, पीडि़तों की सेवा करना उनका सर्वोच्च धर्म है। हम सभी को परिश्रम कर भारत को तीव्र गति से उन्नति की ओर से अग्रसर करना है। जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेंद्र कुमार शर्मा ने जिला कारागृह स्थित डिस्पेंसरी का अवलोकन करते समय यह बात कही। जेल प्रभारी पारसमल जांगिड़ ने बताया कि जिला जज शर्मा ने गुरुवार सुबह मासिक जेल निरीक्षण कार्यक्रम के तहत जेल का निरीक्षण किया। उनके साथ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पूर्णकालिक सचिव विक्रम सांखला भी थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर हितेश जोशी, मेल नर्स हरिसिंह तेली, राजेश मीणा, फार्मासिस्ट पूर्ण राम तथा लैब टेक्नीशियन पुष्पराज सिंह मीणा से कैदियों को दिए जाने वाले ईलाज, दवाइयों तथा उनकी मेडिकल जांच आदि के बारे में जानकारी ली। बंदियों की सुनवाई करते हुए जिला जज ने सभी बंदिओं को आश्वस्त किया कि उनके मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए सभी न्यायालय प्रयासरत है। सभी को शीघ्र न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। पूर्णकालिक सचिव सांखला ने जिला कारागार में निरुद्ध सभी 13 सजायाफ्ता बंदियों से बात कर उनकी अपील न्यायालय में अपीलों के दायर होने संबंधी जानकारी ली। किसी बंदी के वकील नहीं होने की दशा में विधिक सेवा के तहत वकील देने की बात कही। जिला कारागृह में सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में मिलने पर जिला जज ने प्रसन्नता व्यक्त की। जिला जज शर्मा ने जिला कारागृह पर कार्यरत आरएसी को एसएलआर के स्थान पर उपलब्ध हुए नए हथियार इंसास के बारे में भी जानकारी ली। हाल ही में 4 इंसास जिला कारागृह को बाहरी सुरक्षा के लिए आवंटित हुई है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से बंदियों के डेटा संग्रहित करने के लिए जिला कारागृह को एक कंप्यूटर सेट भी उपलब्ध करवाया गया।
मां का पहला दूध बच्चे के लिए टॉनिक
प्रतापगढ़.किसी भी जन्मजात बच्चे के लिए उसकी मां का पहला दूध सबसे बड़ी औषधी या टॉनिक होता है, लेकिन अफसोस की बात यह है कि भारत में 44 फीसदी बच्चों को मां का पहला दूध नहीं मिल पाता है, शिशुओं को जन्म के बाद शुरुआती पहले घंटे में स्तनपान नहीं कराया जाता है, जो उन्हें रोगों के उच्च जोखिम की ओर ले जा सकता है। इसी के मद्देनजर एक से लेकर 7 अगस्त तक पूरी दुनिया में स्तनपान सप्ताह मनाया जा रहा है। यह बात विशेषज्ञों ने गुरूवार को जिला चिकित्सालय के एमसीएच विंग में विश्व स्तनपान सप्ताह पर आयोजित संगोष्ठी में कही। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ वी के जैन, पीएमओ डॉ आर एस कच्छावा, डिप्टी कंट्रोलर डॉ ओ पी दायमा, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ धीरज सेन व सारांश संबल, नर्सिंग अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने संगोष्ठी में स्तनपान को लेकर जानकारी दी। सीएमएचओ वी के जैन ने कहा कि मां के दूध की आवश्यकता और फायदे को देखते हुए राजस्थान में मदर मिल्क बैंक खुल रहे हैं। पीएमओ डॉ आर एस कच्छावा ने प्रतापगढ़ जिले में भी जिला चिकित्सालय में मदर मिल्क बैंक खुलने की जानकारी दी। डॉ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ धीरज सेन ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र में मां के दूध को लेकर समाज में अलग अलग तरह की भ्रांतियां हैं एवं शिशुओं को दूध पिलाने के सही तौर तरीके ज्यादातर माताओं को नहीं पता हंै। ऐसे में एमसीएच विंग के एफसीसी केंद्र में दूधधात्री माताओं को दूध पिलाने के तौर तरीके और साफ सफाई के बारे में जानकारी दी जाती है। इसी के साथ स्तनपान कराने वाली माताओं की काउंसलिंग की जाती हैं। डॉ सारांश सबल ने मां के दूध में पोषक तत्वों और प्रमुख बीमारियों से लडऩे की क्षमता के बारे मे जानकारी दी। डिप्टी कंटोलर डॉ ओपी दायमा एवं नर्सिंग अधीक्षक राधेश्याम शर्मा ने भी स्तनपान को लेकर जानकारी दी। इस दौरान माताओं को स्तनपान कराने के सहीं जानकारी का ऑडियो वीडियो डेमो भी दिया गया।





No comments:
Post a Comment