Breaking News
recent

कॉलेज के छात्र बोले: छात्रहित में करे काम, वही है हमारा नेता, चुनाव का दंगल शुरू

सिरोही. महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव 2018 -19 की तिथियों की घोषणा हो गई है। जिले के सिरोही, शिवगंज, आबूरोड में 10 सितम्बर को चुनाव होंगे। जिला मुख्यालय के राजकीय महाविद्यालय में हलचल शुरू हो गई है। हमारा नेता कैसा हो? यह वो सवाल है जो राजकीय महाविद्यालय के छात्र खुद से पूछ रहे हैं और यह सवाल इसलिए जरूरी है क्योंकि 16 दिन बाद छात्र संघ चुनाव हंै। इस सवाल का जवाब देते हुए छात्रा भगवती कुमारी, भूमिका कुमारी, भारती जीनगर, चेतना कुमारी, निरमा तथा डिम्पल कुमारी ने बताया कि हमें ऐसा छात्र नेता चाहिए जो छात्र हितों की बात करे। सेशन अनियमित होना, रिजल्ट समय पर न आना जैसी कई समस्याएं हैं। छात्र नारायण लाल, कार्तिक, चेनाराम, शैतान एवं मनोज कुमार ने बताया कि महाविद्यालयों में कई समस्याएं हैं जिनका समाधान छात्र नेता ही कर सकता है। छात्र नेता छात्र हित में आवाज उठाए।

हो रही हैं बैठकें
छात्र संगठनों ने चुनाव को लेकर नए सत्र से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। प्रत्याशी और समर्थक मतदाताओं को रिझाने में जुटे हुए हैं। कॉलेज प्रशासन भी तैयारी कर रहा है। प्रत्याशी दावेदारी को लेकर आवेदन अपने संगठनों में देने लग गए हैं। छात्र संगठनों में गुप्त बैठकों का दौर शुरू हो गया है। अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव व संयुक्त सचिव पदों पर प्रत्याशियों की घोषणा को लेकर रणनीति बनाई जा रही है। रणनीति के अनुसार प्रचार भी शुरू कर दिया गया है। सोशल मीडिया के माध्यम से मत एवं समर्थन की अपील की जा रही है।

तृतीय वर्ष का होगा अध्यक्ष व महासचिव
राजस्थान सरकार के शिक्षा गु्रप चतुर्थ की ओर से गत वर्ष चुनाव नियमों की सूची जारी की गई थी। इसके तहत अध्यक्ष व महासचिव पद पर तृतीय वर्ष तथा उपाध्यक्ष व संयुक्त सचिव पद पर द्वितीय वर्ष के विद्यार्थी ही चुनाव लड़ सकेंगे। प्रथम वर्ष के विद्यार्थी मात्र कक्षा प्रतिनिधि का चुनाव ही लड़ पाएंगे।

आठ चुनाव एक नजर में
वर्ष अध्यक्ष पार्टी
2010 राजेन्द्रसिंह एनएसयूआई
2011 महावीरसिंह निर्दलीय
2012 कुलदीपसिंह एबीवीपी
2013 हुकमसिंह निर्दलीय
2014 रेखा राजपुरोहित एबीवीपी
2015 नारणाराम एबीवीपी
2016 गोपाल माली एबीवीपी
2017 सुरेश देवासी निर्दलीय

यहां भी तैयारी
आबूरोड. राजकीय महाविद्यालय आबूरोड के छात्रसंघ चुनाव 10 सितम्बर को होंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. अनिता गुप्ता के अनुसार छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, महासचिव एवं संयुक्त सचिव के चुनाव प्रत्यक्ष मतदान से व छात्रसंघ कार्यकारिणी में वित्त सचिव, क्रीड़ा सचिव, सांस्कृतिक सचिव का चुनाव कक्षा प्रतिनिधियों व छात्रसंघ सदस्यों के जरिए किए जाएंगे। कक्षा प्रतिनिधियों का चुनाव भी प्रत्यक्ष मतदान से किया जाएगा। कक्षा प्रतिनिधियों के नामांकन पत्र भी पदाधिकारियों के साथ भरे जाएंगे। छात्रसंघ चुनाव लिंगदोह समिति की सिफारिशों व आयुक्तालय जयपुर के दिशा-निर्देशों की कठोरता से पालना सुनिश्चित करते हुए करवाए जाएंगे। मतदाता सूचियों का प्रकाशन 1 सितम्बर अपराह्न तीन बजे तक, आपत्ति 4 सितम्बर अपराह्न एक बजे तक, अंतिम प्रकाशन शाम पांज बजे तक, 5 सितम्बर अपराह्न तीन बजे तक उम्मीदवारी के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। बुधवार शाम पांच बजे तक उम्मीदवारों के नामांकन पत्रों की जांच एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। उम्मीदवारों द्वारा नाम वापसी की अवधि 6 सितम्बर दोपहर दो बजे तक व अंतिम नामांकन सूची का प्रकाशन शाम पांच बजे तक किया जाएगा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.