बीकानेर. बजरी की लीज और रॉयल्टी नाकों के निलंबन की कार्रवाई के बाद बजरी माफियाओं के खिलाफ खान विभाग ने कार्रवाई करनी शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों में खान विभाग ने सात ट्रकों को जब्त कर पांच ट्रक मालिकों से करीब पांच लाख रुपए का जुर्माना वसूल किया है। इसमें एक ट्रक में भरी बजरी सूरसागर में खाली होनी थी। इस ट्रक को खान विभाग के उडऩ दस्ते ने उदयरामसर फांटे के पास जब्त कर लिया। खान विभाग के अधिकारियों की मानें तो कार्रवाई का सिलसिला जारी रहेगा। खान एवं भू-विज्ञान विभाग के खनिज अभियंता मनीष वर्मा ने बताया कि अवैध बजरी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विभाग ने उडऩ दस्ते बनाए हैं, जो विभिन्न मार्गों पर गश्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए वाहन चालक जहां से बजरी को भरकर लाए थे, वहां भी कार्रवाई की जाएगी। संबंधित खान मालिक के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं।
हरकत में आया विभाग
ज्ञात हो कि बजरी की लीज और रॉयल्टी ठेके के निरस्त होने के बाद बजरी माफियाओं ने बजरी की अवैध ढुलाई और खनन करना शुरू कर दिया था। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने लगातार खबरें प्रकाशित कर खान विभाग के आला अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट किया था। साथ ही विभिन्न थाना पुलिस की नाकामी को भी खबरों के माध्यम से उजागर किया था। इसके बाद हरकत में आए खान और पुलिस महकमे ने बजरी के अवैध खनन और उसकी ढुलाई करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को अंजाम देना शुरू कर दिया है।
वसूल रहे मुंह मांगी कीमत
बजरी की ट्रॉली की कीमत पहले जहां नौ सौ से एक हजार रुपए में मिल जाती थी, वहीं अब उसकी कीमत करीब १८ सौ से २ हजार रुपए वसूले जा रहे हैं। बजरी माफियाओं के कारनामों ने इसकी कीमतें बढ़ाकर चांदी कूटने में लगे हैं। उधर खान विभाग के खनिज अभियंता ने बताया कि बजरी की ढुलाई और खनन करना अब गैर कानूनी होगा। दो ट्रक चालकों के खिलाफ अभी कार्रवाई होनी शेष है।





No comments:
Post a Comment