Breaking News
recent

लावारिस कार से तीन बोरा डोडा-पोस्त बरामद

बाबरा. रास थाना पुलिस ने ब्यावर-मेड़ता रोड पर एक पेट्रोल पम्प के निकट खड़ी लावारिस कार से तीन बोरा डोडा-पोस्त बरामद किया। इनमें ४५ किलो डोडा भरा हुआ था। कार चालक की तलाश जारी है।
रास थानाधिकारी राजेश मीणा ने बताया कि गश्त के दौरान पुलिस को एक कार लावारिस दिखी। कार की तलाशी ली तो उसमें तीन बोरे डोडा-पोस्त के मिले।
कार जब्त कर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस इस मार्ग पर स्थित ढाबों-होटलों पर लगे सीसीटीवी खंगाल रही है, ताकि कार चालक का पता चल सके। पुलिस को संदेह है कि कार चोरी की भी हो सकती है। कार्रवाई में सिपाही रोहिताश जाट व बलवीर जाट शामिल थे।



फौजी ने हवा में पिस्टल लहराई, गिरफ्तार
परशुराम महादेव दर्शन करने आया था फौजी सहित छह गिरफ्तार, कार जब्त, लाइसेंसशुदा पिस्टल जब्त
सादड़ी. परशुराम महादेव दर्शन करने एक फौजी व उसके साथियों का वाहनों को साइड देने की बात को लेकर विवाद हो गया। फौजी ने अपनी लाइसेंसशुदा पिस्टल हवा में लहराई, इससे लोग घबरा गए। पुलिस ने फौजी सहित छह जनों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर पिस्टल व कार जब्त की।
थानाधिकारी मूलसिंह भाटी ने बताया कि नान्दिया खुर्द जोधपुर निवासी फौजी सोहनराज पुत्र भूराराम जाट (२४), हिरादेसर भोपालगढ़ निवासी साहीराम पुत्र धीराराम जाट, मेड़ों की ढाणी सिणधरी निवासी प्रेमाराम पुत्र भीखाराम जाट, रवेरा खुर्द खेड़ापा जोधपुर निवासी परीक्षित पुत्र निम्बाराम मेघवाल, मालावास पीपाड़ निवासी धर्मेन्द डूडी पुत्र रामकरण जाट, लवेरा खुर्द जोधपुर निवासी सुनील सियोल पुत्र बक्साराम जाट कार से परशुराम महादेव आए थे। वहां से लौटते समय परशुराम कुण्डधाम पार्किंग पर वाहनों को साइड देने को लेकर विवाद हो गया। इस पर फौजी सोहनराज जाट ने अपनी लाइसेंसशुदा लोडेड पिस्टल हवा में लहराई। इससे लोग घबरा गए और पीछे हट गए और वे कार लेकर निकल गए। सूचना पर पुलिस ने नाकाबंदी कर कार व पिस्टल जब्त की। पिस्टल में १२ कारतूस थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.