-लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम की सूची बनाने के दिए निर्देश
प्रतापगढ़.मुख्यमंत्री की 8 एवं 9 अगस्त को प्रस्तावित प्रतापगढ़ जिले की गौरव यात्रा के दौरान विभिन्न जनसंवाद कार्यक्रमो में लाभार्थियो से रूबरू कराने एवं विभिन्न लोकार्पण, उद्घाटन एवं शिलान्यास समारोह के लिए अधिकारियो को सूची बनाने सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियो को जिला कलक्टर भंवरलाल मेहरा ने निर्देशित किया। मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित बैठक में जिला कलक्टर ने मुख्यमंत्री की जिले की यात्रा के दौरान निर्मित भवनो के लोकार्पण एवं शिलान्यास कराने की पूरी तैयारी रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री द्वारा इस दौरान जिला मुख्यालय पर स्थित जनजाति भवन, ऑडिटोरियम एवं इण्डोर स्टेडियम, आवास आवंटन, अमर ज्योति जवान, मिनी सचिवालय में स्थापित महात्मा गांधी की मूर्ति सहित विभिन्न भवनों एवं जनजाति छात्रावासों के लोकार्पण एवं उद्घाटन के लिए तैयारी करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। जिला कलक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के जनसंवाद एवं जनसभा के दौरान विभिन्न योजनाओं में लाभान्वितों की सूची एवं संबंधित ग्राम पंचायत की अद्यतन जानकारी के साथ मौजूद रहे। उन्होंने अधिकारियो से कहा कि वे पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें और यात्रा मार्ग का संयुक्त रूप से भौतिक सत्यापन भी करें। जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज ने यात्रा के दौरान सुरक्षा प्रबंध की जानकारी दी और बताया कि पुलिस एवं प्रशासन द्वारा समन्वय बनाकर यात्रा को शांतिपूर्वक सम्पन्न कराया जाएगा। उन्होंने जिला मुख्यालय पर सभा के दौरान आवश्यक व्यवस्था आदि की जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलक्टर हेमेन्द्र नागर ने 8 एवं 9 अगस्त को मुख्यमंत्री की प्रस्तावित दो दिवसीय प्रतापगढ़ जिले की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने सभी अधिकारियो से कहा कि वे मुख्यालय पर रहे एवं यात्रा मार्ग में जनसंवाद एवं सभाओं के दौरान तैयारियों के साथ उपस्थित रहें। इस अवसर पर प्रतापगढ़उपखण्ड अधिकारी वारसिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
विजेताओं को किया सम्मानित
प्रतापगढ़.सडक़ सुरक्षा सप्ताह 2018 के दौरान पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिता के विजेताओ को जिला पुलिस अधीक्षक शिवराज ने मंगलवार को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कान्फ्रेंस रूम में पुलिस अधीक्षक शिवराज ने प्रतियोगिता के विजेताओं से बातचीत की। उन्होंने द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले विद्यार्थियो को प्रेरित किया और कहा कि और प्रयास कर प्रथम स्थान प्राप्त करें। इस अवसर पर जिला परिवहन अधिकारी सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ मौजूद रहा। इस प्रतियोगिता में कुल 300 विद्यार्थियो ने हिस्सा लिया था। कुल 12 विद्यार्थियो को सम्मानित किया गया। परिवहन निरीक्षक राजराज खाती ने बताया कि पोस्टर प्रतियोगिता में सेंट पोल स्कूल के प्रथम स्थान पर अक्षत , द्वितीय स्थान पर लक्ष्य जैन, तृृतीय स्थान पर गौरव राठौर, स्लोगन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर वैभव मेहता, द्वितीय स्थान पर डोली नगवानी व तृतीय स्थान पर भूमिका मीणा रही। इसी प्रकार से शालोम स्कूल के पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर धु्रव शर्मा, द्वितीय स्थान पर खुशी कुंवर, तृतीय स्थान पर अनिशा जैन एवं पोयम प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर अवनी जैन, द्वितीय स्थान पर प्रार्थना निकूम एवं तृतीय स्थान पर आसिता सरोलिया रही।





No comments:
Post a Comment