Breaking News
recent

वर्ष पर्यन्त की गलतियों की मांगी क्षमा

क्षमावणी पर्व पर निकाली भगवान की शोभायात्रा
बूंदी. दिगम्बर जैन खंडेलवाल (सरावगी) समाज की ओर से क्षमावणी पर्व के समापन पर बुधवार को शहर में श्रीजी की शोभायात्रा निकाली गई। चौगान जैन मंदिर से गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा शुरू हुई। शोभायात्रा में पुरुष वर्ग सफेद व महिलाएं केसरिया वस्त्र पहने हुई थी।
शोभायात्रा चौगान जैन मंदिर से शुरू हुई जो सदर बाजार, तिलक चौक, नाहर का चौहट्टा, ऊपरला बाजार, चूड़ी बाजार, चौमुखा बाजार होते हुए चौगान जैन मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। जहां भगवान के कलशाभिषेक हुए। शोभायात्रा में पालकी में भगवान विराजमान थे। जिनको समाज के लोगों ने श्रीफल चढ़ाकर आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा में पुरुष वर्ग भजनों पर नृत्य करते हुए चले, तो महिलाएं भजन गाती हुई चली।


पारितोषिक वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन
चौगान जैन मंदिर में पर्यूषण पर्व समिति की ओर से चल रहे विभिन्न कार्यक्रमों का समापन मंगलवार रात को पारितोषिक वितरण के साथ हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिवहन अधिकारी समीर जैन थे। अध्यक्षता केशवरायपाटन अतिशय क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष बिरधीचंद्र छाबड़ा ने की। विशिष्ट अतिथि समाज के अध्यक्ष ओम बडज़ात्या, उपाध्यक्ष राजेश पाटनी व मंत्री राजेंद्र छाबड़ा रहे। इस दौरान जिला महामंत्री संतोष पाटनी, कैलाश पाटनी व विनोद पाटनी मंचासीन रहे। अतिथियों ने क्षमावणी पर्व पर प्रकाश डाला और वर्ष पर्यन्त हुई गलतियों की क्षमा याचना की।
इस मौके पर विभिन्न प्रतियोगिता में विजेता रहे प्रतिभागियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया। महोत्सव संयोजक प्रमोद गंगवाल व उपसंयोजक सुरेंद्र छाबड़ा ने आभार जताया। संचालन नरेश बाकलीवाल ने किया। इस दौरान अरुण नोसंदा, योगेंद्र कासलीवाल, शरद बाकलीवाल, योगेश गंगवाल, पदम पाटनी, महिला मंडल अध्यक्ष सुमन बाकलीवाल, मंत्री बीना नोसन्दा आदि मौजूद थे।


लाखेरी. कस्बे के पदमप्रभु जिन चैताल्य के तत्वावधान में बुधवार को श्रीजी की शोभायात्रा निकाली गई। शाम चार बजे मंदिर परिसर से पालकी में भगवान को विराजित कर जैन समाज के लोग जुलूस के रूप में रवाना हुए, जो अग्रवाल सेवा सदन, तेजाजी के चौक पर पहुंचे, वहां से वापस अग्रवाल सेवा सदन पर पहुंचे, जहां पर बोलियों के बीच भगवान का कलाभिषेक किया गया।


झालाजी का बराना. जयस्थल गांव में मंगलवार को दिगम्बर जैन मंदिर पर पर्यूषण पर्व के समापन अवसर पर भगवान महावीर की शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में शामिल महिलाओं ने डाडिया नृत्य किया। शोभायात्रा गांव के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस जैन मंदिर पहुंची। रास्ते में विमान पर गणेश नवयुवक मण्डल, ग्राम पंचायत,बजरंग नवयुवक मण्डल, नागर समाज द्वारा पुष्प वर्षा की गई। पं. प्रमोद भैय्या, पं. सुधांशु ने पूजा अर्चना कराई। इस अवसर पर ओमप्रकाश बघेरवाल, पूर्व उप सरपंच राजेन्द्र जैन, ज्ञानचंद जैन, चंदालाल जैन, धर्मचंद जैन, पूरणमल जैन आदि मौजूद थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.