रामसिंहपुर/ सूरतगढ़/ श्रीगंगानगर। छतरगढ़ सड़क पर माईलऐटी के पास गुरूवार को अचानक पशु आने से अनियंत्रित हुए ट्रक का टायर फटने के बाद आग लग गई। लपटें देख कर ट्रक चालक ने कूद कर जान बचा ली, जिससे किसी जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। ट्रक मालिक भादरा निवासी लीलाधर ने बताया कि वह छतरगढ़ की ओर से मिट्टी से भरा ट्रक लेकर भादरा जा रहा था। गुरूवार को सूरतगढ़ छतरगढ़ सड़क पर माईलऐटी से तीन किलो मीटर आगे सुरजनसर लिंक सड़क के पास अचानक आवारा पशु आ जाने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो जाने से सड़क से नीचे उतर गया। सड़क ऊंची होने व उस पर बनी दीवार के कारण ट्रक का टायर घसीटने से फट गया तथा घर्षण के कारण टायर में आग लगने से इंजन ने आग पकड़ ली। जिससे उसने ट्रक से कूद कर जान बचा ली व ट्रक जलकर राख हो गया।
घर के स्टोर में लगी आग कपड़े व घरेलू सामान जला
वहीं शहर में सेतिया फॉर्म में बेगाराम रोड पर गली नंबर दस में बुधवार दोपहर बाद एक मकान में ऊपरी मंजिल पर स्टोर में आग से लगने से परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल ने आग पर काबू पाया।
इस दौरान वहां आसपास के लोग जमा हो गए। पुलिस ने बताया कि बेगाराम रोड पर गली नंबर दस में कुंदन झा पुत्र दयानंद के मकान में ऊपरी मंजिल पर एक कमरे में स्टोर बना रखा है। जिसमें बिस्तर, चारपाई, कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान रखा हुआ था। दोपहर बाद शॉर्ट सर्किट होने से कपड़ों आदि में आग लग गई।
कमरे से धुआं उठता देखकर परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। इस दौरान वहां आसपास के लोग भी जमा हो गए। मामले की सूचना पुलिस व दमकल कर्मियों को दी गई।
सूचना मिलने पर सेतिया फॉर्म पुलिस व दमकलकर्मी मौके पर पहुंच गए। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से कमरे में रखे कपड़े सहित अन्य घरेलू सामान जल गया।





No comments:
Post a Comment