बांदीकुई/बसवा. राजस्थान पत्रिका की ओर से सोमवार को चेतना पब्लिक स्कूल उच्च माध्यमिक विद्यालय सबड़ावली रोड बसवा में चेंजमेकर अभियान के तहत जन एजेंडा 2018-2023 को लेकर प्रबुद्ध जनों की बैठक हुई। इसमें जनसंघर्ष समिति अध्यक्ष श्यामसुंदर व्यास ने कहा कि स्वच्छ छवि एवं स्थानीय व्यक्ति को प्रत्याशी बनाया जाए। जो कि क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयासरत रहे। बाहरी प्रत्याशी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बसवा को नगरपालिका घोषित किया जाए और फाटक संख्या 151 पर ओवरब्रिज का निर्माण किया जाए। क्योंकि अधिकांश समय फाटक बंद रहने से कस्बा दो हिस्सों में बंट जाता है। रामकरण सैनी ने तहसील मुख्यालय पर एसीएम कोर्ट खोलना जाए और ट्रेनों का ठहराव किया जाए।
विष्णु अटोलिया ने कहा कि यदि किसी जनप्रतिनिधि के प्रति जनता की नाराजगी हो तो दो वर्ष बाद उसे हटाए जाने का प्रावधान किया जाए। इससे जनप्रतिनिधि भी निरंकुश नहीं हो सके। इंदिरा सैनी ने कस्बे में महिला महाविद्यालय खोलने एवं क्षेत्र के लोगों के लिए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाने की बात कही। कैलाशचंद गुर्जर ने बिजली निगम की ओर से तय समय में कनेक्शन नहीं किए जाने पर दोषी अधिकारी-कार्मिक के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की बात कही।
क्योंकि लोगों को समय पर बिजली कनेक्शन नहीं मिलते हैं। रोडवेज बसों को कस्बे के अंदर होकर गुजारने का पक्ष भी रखा। आर्यन शर्मा ने धार्मिक स्थल झाझीरामपुरा को पर्यटन स्थल के रूप में घोषित किए जाने की बात रखी। हेमंत शर्मा ने उच्च शिक्षा के लिए कॉलेज संचालित करने व शकुंतला सोडिय़ा ने स्वच्छ व जनता के सुख-दु:ख में भािगदारी अदा करने वाले व्यक्ति के प्रत्याशी बनाए जाने की मांग रखी।
उन्होंने कहा कि बसवा डार्क जोन घोषित क्षेत्र है। ऐसे में यहां ईस्ट कैनाल परियोजना से रेहडिय़ा बांध को जोडक़र पानी पहुंचाया जाए। क्योंकि यह समस्या क्षेत्र के लोगों के लिए नासूर बनी हुई है। चुन्नीलाल शर्मा ने आंवारा पशुओं के लिए गौशाला एवं बावडिय़ों को ऐतिहासिक धरोहर घोषित कर संरक्षित किए जाने की मांग रखी। प्रतापसिंह राजावत ने जातिवाद एवं क्षेत्रवाद से ऊपर उठकर राजनीतिक दल प्रत्याशी बनाए। इससे सभी वर्गो का ऐसे जनप्रतिनिधि से जुड़ाव हो सके। कस्बे में कृषि गौण मण्डी व मृदा परीक्षण खोलने की मांग रखी।
कुंदनलाल शर्मा ने क्षतिग्रस्त सडक़-नाली एवं पानी निकास की समुचित व्यवस्था कराए जाने की बात कही। उमेश मिश्रा ने गौशाला खोलने, शिम्भू सभापति ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का नाम राणा सांगा के नाम से करने एवं स्मारक बनाए जाने की मांग उठाई। अंकुल गुप्ता ने बिजली ट्रिपिंग की समस्या के समाधान की मांग रखी। हरीश बोहरा, जितेन्द्र महावर ने जम्मूतवी अजमेर एवं आश्रम एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की।





No comments:
Post a Comment