Breaking News
recent

स्वच्छता रैली निकाली, किया श्रमदान

चौथ का बरवाड़ा. बलरिया पंचायत के रामसिंहपुरा गांव में शनिवार को रिलायंस फाउंडेशन तथा मीन भगवान कृषक समिति के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिला, पुरुष व बच्चों ने विद्यालय परिसर में श्रमदान कर सफाई की। इसके बाद गांव में स्वच्छता रैली निकाली। इसके बाद चित्रकला प्रतियोगिता हुई।


कांग्रेस का हल्ला बोल पोल खोल कार्यक्रम आयोजित
बौंली. जिला सेवादल कांग्रेस के तत्वावधान में फ्रेंड्स क्लब मैदान पर हल्ला बोल पोल खोल कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान सेवा प्रभारी भरतपुर संभाग रामभरोसी सैनी, रामसहाय सैनी जिला प्रभारी सवाईमाधोपुर एवं राजेश राजोरा जिला मुख्य संगठन सवाई माधोपुर मौजूद रहे। कार्यक्रम में राफेल सौदा, पेट्रोल डीजल व रसोई गैस की बढ़ी कीमतें, किसानों के कर्ज माफी करवाने आदि के खिलाफ कार्यक्रम किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष हनुमान मीणा, उप जिला प्रमुख श्योपाल माली, जिला मुख्य संगठक शकुंतला देवी वर्मा, बबलू वर्मा, लक्ष्मण वर्मा, सलीम मिर्जा, लखन लाल मीणा, शिवचरण बुंदेला, तनसुख वर्मा, मुमताज खां, आशाराम मीणा, ममता नायक, रामअवतार मंगल आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।


अखिल भारतीय संत सम्मेलन का आयोजन आज से
शिवाड़. कस्बे में रविवार व सोमवार को अखिल भारतीय संत सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें विद्वान संतो आगमन होगा। घुश्मेश्वर ट्रस्ट अध्यक्ष प्रेम प्रकाश शर्मा ने बताया कि स्वामी ज्ञानानन्द तीर्थ द्वारा प्रवचन व स्वामी दिव्यानन्द तीर्थ भानपुरा पीठ मध्यप्रदेश द्वारा शिव महापुराण कथा की जा रही है। 23 व 24 सितम्बर को अखिल भारतीय संत सम्मेलन होगा। ट्रस्ट के प्रचार प्रसार मंत्री शम्भू मिश्रा ने ग्रामीणों से संत सम्मेलन में भाग लेने का आग्रह किया।


नाथ समाज की आमसभा संपन्न
भाड़ौती. हरसोता गांव में शनिवार को नाथ समाज के लोगों ने धरने प्रदर्शन को लेकर आम सभा की। समाज के प्रवक्ताओं ने बताया कि ग्राम पंचायत से लेकर मुख्यमंत्री तक ज्ञापन देने के बाद भी नाथ समाज को कोई समाधान नहीं मिला। ऐसे में सर्व सम्मति से धरने प्रदर्शन की तारीख तय की गई। धरने प्रदर्शन को लेकर एक संघर्ष समिति बनाई गई। इसमें संयोजक राधेश्याम एडवोकेट, अध्यक्ष मांगीलाल योगी मनोनीत किया। हरिश योगी ने बताया कि सरकार जब तक हमारी मांग पूरी नहीं करती तब तक समाज के पदाधिकारियों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।


सैलानी बाबा का उर्स शुरू
सवाईमाधोपुर. आलनपुर स्थित दरगाह शेख सलीमुद्दीन चिश्ती उर्फ सैलानी बाबा का उर्स शनिवार को झण्डे की रस्म के साथ शुरू हुआ। दरगाह के सज्जादा नशीन काजी अहतशामुद्दीन ने बताया कि रविवार को मुख्य उर्स का आयोजन होगा, जिसमें सुबह गुस्ल शरीफ व कुरान खानी होगी। शाम को चादर चढ़ाई जाएगी व फतिहाखानी होगी। जायरीनों के लिए लंगर का प्रबंध किया जाएगा और टोंक के कलाकारों द्वारा कव्वालियों की प्रस्तुति दी जाएगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.