Breaking News
recent

संकल्प से संवरेगी राजनीति की दशा

गंगापुरसिटी . राजनीति को साफ-सुथरी बनाने के लिए समाज को संकल्प लेना होगा। समाज में अच्छे लोगों की बहुतायत है, लेकिन अच्छे लोगों की खामोशी जातिवाद और वंशवाद की राजनीति करने वालों को बढ़ावा दे रही है। पत्रिका ने इस मुहिम के जरिए समाज को एक नई सोच और मंच दिया है। इसके जरिए हम राजनीति में अच्छे लोगों को आगे ला सकते हैं। इसके लिए सभी को मिलकर पहल प्रयास करने होंगे। इसी संकल्प से हम राजनीति को साफ-सुथरा बना सकते हैं। यह विचार सोमवार को पत्रिका कार्यालय में चेंजमेकर्स की बैठक में चेंजमेकर्स ने रखे।


पत्रिका चेंजमेकर विमला मीणा ने कहा कि समाज बदलाव की ओर है। पढ़े-लिखे लोग राजनीति में आएं तो समाज का भला हो सकता है। समाज इस बात का भी खास तौर से ख्याल रखे कि आपराधिक प्रवृति के लोग राजनीति में प्रवेश नहीं कर पाएं। अनैतिक कार्यों में लिप्त लोगों को राजनीति से परे रखने में समाज को अपनी भूमिका का निर्वहन बेहतर तरीके से करना चाहिए। मीणा ने सुझाव दिया कि नगरपरिषद चेयरमैन का चुनाव सीधे जनता के जरिए कराना चाहिए। हर बार चुनावों में खरीद-फरोख्त की शिकायतें आती रही हैं।

इस प्रक्रिया के माध्यम से इस पर काफी हद तक अंकुश लगेगा। इस मुहिम के लिए हम पत्रिका के आभारी हैं। देश को इस मुहिम की जरूरत है। अच्छे लोग राजनीति में आएंगे तो समाज में सुधार होगा। इस मुहिम से जनता जागरुक होगी। कुछ लोगों ने राजनीति को बिजनेस बना लिया है। लोगों को समझना होगा राजनीति व्यापार नहीं, सेवा है। अच्छे लोग यदि राजनीति से जुड़ते हैं तो लोगों को उनका समर्थन करना चाहिए।


चेंजमेकर अनुज शर्मा का कहना था कि राजनीति में आने वाले लोगों के लिए शैक्षणि योग्यता अनिवार्य होनी चाहिए। हमें ऐसे व्यक्ति का चुनाव करना चाहिए, जो सामाजिक समरसता को कायम रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। कथनी-करनी में अंतर रखने वालों को राजनीति से दूर रखने की जिम्मेदारी समाज की है। यदि समाज का चरित्र सुधर जाएगा तो राजनीति में भी साफ-सुथरे लोग पहुंचेंगे। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। चौथा स्तंभ मीडिया अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए लोगों को जागरुक करने क काम कर रहा है। दलगत राजनीति से ऊपर उठकर लोगों को अच्छे प्रत्याशियों का चुनाव करना चाहिए।


चेंजमेकर विजय गोयल ने कहा कि समाज में ईमानदार लोगों का बहुमत है, जिन्हें इस मुहिम में एकजुट होकर आगे आना चाहिए। ईमानदार लोग राजनीति में कम आ रहे हैं। राजनीति में ईमानदार लोगों की तादाद बढऩी चाहिए। तभी देश का उद्धार संभव है। राजनीति में अच्छे लोगों को पहुंचाने की जिम्मेदारी समाज की है। इसके लिए हम सबको मिलकर पहल करनी होगी। पत्रिका की यह मुहिम वाकई समाज के हित में है। स्वच्छ छवि के लोगों को आगे लाने के लिए सामाजिक स्तर पर पहल होनी चाहिए। लोगों को उनका मनोबल बढ़ाकर आगे लाना चाहिए। इससे अच्छे लोग राजनीति में पहुंचेंगे और देश की तरक्की होगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.