मोहनगढ़. ग्राम पंचायत की ओर से सफाई अभियान चलाया गया, जिसके चलते ग्राम पंचायत की ओर से कचरे के ढेर को हटाने की कार्यवाही की गई। जेसीबी मशीन की सहायता से तहसील रोड पर जमा कचरे को हटाया गया, वहीं श्मसान की चार दीवारी के किनारे जमा कचरे को हटाया गया। उसके साथ ही पास में उगे बबूल की झाडिय़ों को भी जेसीबी से हटाया गया। जेसीबी से ट्रेक्टर में कचरा भर कर अन्यत्र डाला गया। ग्राम पंचायत की ओर से दो दिन तक लगातार अभियान चलाकर कचरे के ढर को हटाया गया। तहसील रोड पर सडक़ के किनारे जमा कचरे को हटाने के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने लोहिया पाड़ा की तरफ जाने वाली सडक़ के किनारे जमा कचरे के ढेर को भी हटाया गया। इस संबंध में दोस्त अली सांवरा सरपंच ग्राम पंचायत मोहनगढ़ ने बताया कि ग्राम पंचायत की ओर से कस्बे में सडक़ों व गली मोहल्लों में मार्ग पर जमा कचरे को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। आगामी दिनों में कस्बे के विभिन्न मोहल्लों से कचरे के ढेर हटाए जाएंगे।
सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, लगाई फटकार
रामदेवरा. गांव में बिगड़ी सफाई व्यवस्था का सहायक मेलाधिकारी ने निरीक्षण किया तथा ग्राम पंचायत को फटकार लगाई। गौरतलब है कि गांव में ***** मेला शुरू हो चुका है, लेकिन बिगड़ी सफाई व्यवस्था के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी हो रही थी। इसी को लेकर राजस्थान पत्रिका के मंगलवार के अंक में रामदेवरा में बिगड़ी सफाई व्यवस्था से बढी परेशानी और बुधवार के अंक में चरमराई सफाई व्यवस्था से श्रद्धालुओं की बढी परेशानी शीर्षक से प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किए गए। समाचार प्रकाशित होने के बाद बुधवार को सहायक मेलाधिकारी व विकास अधिकारी नारायण सुथार ने यहां पहुंचकर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने गांव में बिगड़ी सफाई व्यवस्था रोष जताते हुए कर्मचारियों को फटकार लगाई। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारी को प्रतिदिन मोनीटरिंग कर सफाई व्यवस्था सुधारने, सफाई कर्मचारियों की राउण्डवार ड्यूटी लगाकर सफाई करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि यदि दो दिन में व्यवस्था नहीं सुधरती है, तो कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कार्यकारिणी का गठन
पोकरण. राष्ट्रीय जाट तेजवीर सेना की बैठक जिलाध्यक्ष श्रवण जाणी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। जिसमें भणियाणा तहसील कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिलाध्यक्ष जाणी ने बताया कि भणियाणा तहसील में पुखराज लेगा को अध्यक्ष, रविन्द्र जाखड़ को उपाध्यक्ष, हेमाराम जाणी को महासचिव नियुक्त किया गया। बैठक में खींवराजसिंह, राहुल गोदारा, बलवीर गोदारा, हपु बेरड़, पेंपाराम, हरखाराम, नेमाराम सहित कार्यकर्ता उपस्थित थे।
प्रतियोगिता 1 को
पोकरण. 63वीं जिला स्तरीय उच्च प्राथमिक विद्यालयी 14 वर्षीय खेलकूद प्रतियोगिता एक सितम्बर से आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता आयोजन समिति के सचिव स्थानीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय केकेबास के प्रधानाध्यापक रेंवताराम ने बताया कि एक से चार सितम्बर तक खो-खो, कुश्ती, जुडो, सॉफ्टबॉल, वॉलीबॉल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता में भाग लेने की इच्छुक विद्यालय 31 अगस्त तक दमाराम के पास अपना पंजीयन करवा सकते है। प्रतियोगिता के दौरान मैच स्थानीय राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय संख्या एक के मैदान में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का ड्रॉ एक सितम्बर को सुबह निकाला जाएगा।





No comments:
Post a Comment