Breaking News
recent

शिक्षा की डगर पर मनचलों का खौफ!

अश्वनी प्रतापसिंह @ राजसमंद. पुलिस की सुस्त कार्रवाई से मनचलों का खौफ जिले में दिनोंदिन बढ़ रहा है। ये स्कूल, कॉलेजों के बाहर तो कभी राहों में खड़े होकर किशोरियों, युवतियों से छेडख़ानी करते हैं, उन्हें डराते धमकाते हैं। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, शहर से सटे भावा ग्राम पंचायत का। मनचलों के खौफ से १०वीं में अध्ययनरत एक छात्रा पिछले एक माह से स्कूल नहीं जारही, बेटी की शिकायत पर परिजनों ने पुलिस से गुहार लगाई, लेकिन आजतक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


शिकायत के बाद भी मनचलों पर नहीं लगी लगाम
राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय भावा में अध्ययनरत १०वीं की एक छात्रा ने गांव के जनप्रतिनिधि पर आरोप लगाया है कि जब वह घर से स्कूल जाती है तो रास्ते में वह और उसके कई सहयोगी मिलकर उससे छेडखानी करते हैं। बाइक उसके इर्द-गिर्द घुमाकर फब्तियां कसते हैं। इससे परेशान होकर उसने अपने भाई से इसकी शिकायत की, जब भाई ने जनप्रतिनिधि से इस बारे में कहा तो उसने घर पहुंचकर गाली-गलौच की। इस पर परिवार ने कांकरोली थाने में उसके खिलाफ शिकायत दी, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


छूट रही पढ़ाई...
छात्रा दसवीं में पढ़ती है, इस वर्ष उसे बोर्ड परीक्षा देनी है, लेकिन पिछले एक माह से स्कूल नहीं जाने से उसका कोर्स पिछड़ गया है। इससे उसका परीक्षा परिणाम भी प्रभावित हो सकता है।


परिजनों को चेताया है...
छात्रा पिछले एक माह से स्कूल नहीं आ रही है, इस पर हमने परिजनों को लिखित में चेतावनी दी है, अगर वह ज्यादा दिन तक स्कूल नहीं आएगी तो नाम कट सकता है। इस पर परिजनों का जवाब आया था कि कुछ लोग उसके साथ छेड़छाड़ करते हैं, इसलिए वह स्कूल नहीं आ रही है। हमने इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को भी दी है।
सीमा कुमारी, प्रधानाचार्य, राउमावि, भावा


मामला दर्ज है...
छात्रा द्वारा दी गई शिकायत पर सरपंच सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज हो चुका है, आज पीडि़ता के बयान भी लिए गए हैं, अब कोर्ट के सामने बयान करवाए जाएंगे।
कैलाश दान,थानाधिकारी, कांकरोली

फीस नहीं देने पर छात्रा को किया प्रताडि़त
राजसमंद. शिक्षण शुल्क जमा नहीं कराने की एवज में छात्रा को प्रथम टेस्ट से वंचित करने व ऑटो बंद कर दिया। इससे आहत छात्रा करीब दो माह से स्कूल ही नहीं जा पा रही है और बच्चे को प्रताडि़त करने पर जेजे एक्ट के तहत कांकरोली थाना पुलिस ने कॅरियर पोइंट गुरुकुल के प्रधानाचार्य व शिक्षिका के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार सुंदर कॉलोनी कांकरोली निवासी रवि पुत्र नरेद्र कुमार विजयवर्गीय ने गुरुकुल स्कूल के प्रधानाचर्य संगीता श्रीवास्तव, शिक्षिका हेमलता शर्मा सहित तीन के विरुद्ध रिपोर्ट दी। आरोप है कि उसकी बेटी कक्षा छह में अध्ययनरत है। 16 जुलाई से प्रथम टेस्ट प्रारंभ हुई, मगर शिक्षिका द्वारा उसे टेस्ट से वंचित रखते हुए लाइब्रे्ररी में बिठा दिया, जिससे वह काफी आहत व परेशान है। इस पर उसके द्वारा प्रधानाचार्य से मिलकर फीस जल्द जमा कराने की बात कही, फिर भी उसे टेस्ट में नहीं बिठाया। शिक्षिकों की प्रताडऩा से बेटी इतनी घबरा गई और अवसादग्रस्त है, जिसकी वजह से करीब डेढ़ दो माह से स्कूल ही नहीं जा पा रही है। इस पर पीडि़त ने अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट राजसमंद में परिवाद पेश किया, कांकरोली पुलिस ने 7 सितंबर को प्रकरण दर्ज किया, मगर अभी तक कोई जांच नहीं हो पाई है।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.