बीकानेर. प्रारंभिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक अध्यापक सीधी भर्ती 2016 व 2018 में राज्य से बाहर की डिग्रियों से चयनित तृतीय श्रेणी अध्यापकों को उनकी शैक्षिक व प्रशैक्षिक योग्यताएं विधि द्वारा स्थापित व मान्यता प्राप्त विवि से प्राप्त करने का शपथ पत्र देने के बाद काउंसलिंग व पदस्थापन करें। निदेशालय को ऐसे कई अभ्यर्थियों ने अपने अभ्यावेदन प्रस्तुत किए है जिनमें जिला परिषदों द्वारा उनकी काउंसलिंग न करने व पदस्थापन नहीं करने की शिकायतें की गई है।
इस तरह के अभ्यावेदन प्राप्त होने के बाद प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने ये निर्देश जारी किए है।निदेशक प्रारंभिक शिक्षा ने मुख्य कार्यकारी अधिकारियों को ऐसे चयनित अभ्यर्थियों से 50 रुपए के शपथ पत्र पर ये लिखा कर लेने को कहा गया है कि उनके द्वारा दस्तावेज सत्यापन के समय जो मूल दस्तावेज प्रस्तुत किए है वे विधि द्वारा स्थापित व मान्यता प्राप्त विवि के है। अगर सत्यापन पर ये गलत सिद्ध होते है तो उनकी नियुक्ति निरस्त करने के साथ-साथ विभाग उनके खिलाफ आपराधिक कार्यवाही के लिए स्वतंत्र होगा।
पेंशनर सुविधा शिविर आज
बीकानेर. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की ओर से शनिवार को कार्यालय परिसर में पेंशनर सुविधा शिविर लगाया जाएगा। इसमें भविष्य निधि पेंशनर्स ने अब तक बायोमैट्रिक जीवन प्रमाण पत्र रजिस्टर कराया जा सकता है। इसके लिए केवाईसी, यूएएन लिकिंग का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। यह जानकारी सहायक आयुक्त अंशुल कुमार ने दी।
निजी अस्पतालों में बिना डिप्लोमाधारी नर्सेज कर रहे काम
बीकानेर. नर्सिंग छात्र संगठन का एक प्रतिनिधि मंडल ने शुक्रवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बीएल मीणा को ज्ञापन सौंपा। प्रदेश अध्यक्ष सांवर जोशी ने बताया कि राजस्थान में निजी अस्पतालों में बिना डिग्री व बिना डिप्लोमाधारी नर्सेज कार्य कर रहे हैं। गांवों में झोलाछाप डॉक्टरों ने अपनी दुकानें लगा रखी है। इनके खिलाफ कार्रवाई करें। संगठन के जिलाध्यक्ष लक्ष्मणसिंह सोढ़ा ने कहा कि सरकार ने इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। प्रतिनिधि मंडल में महेंद्र सिंह, हंसराज, संजय मीना, बजरंग सियाग, रामलखन, कान सिंह, मयंक शुक्ला आदि शामिल थे।
उग्र आंदोलन करने की चेतावनी
राजस्थान राज्य एलएचवी/ एएनएम एसोसिएशन ने शुक्रवार को कलक्ट्रेट के सामने धरना दिया। प्रदेशाध्यक्ष साजिदा बानो ने बताया कि सात सितंबर से महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता आंदोलनरत है। सरकार ने शीघ्र एलएचवी की मांगों का निवारण नहीं किया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।





No comments:
Post a Comment