Breaking News
recent

छात्रसंघ चुनाव: मान-मनौव्वल, आज खुलेगा भाग्य का पिटारा

सिरोही. उम्मीदवारों की छात्रों से मान-मनुहार, विद्यार्थियों की चहल-पहल, मुस्तैदी का साथ तैनात पुलिस जाप्ता। कुछ ऐसा ही नजारा सोमवार को सवेरे ८ से दोपहर १ बजे तक राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, विधि व महिला महाविद्यालय में देखने को मिला। जैसे ही कोई विद्यार्थी हाथ में परिचय पत्र लेकर कॉलेज के नजदीक आता दिखाई दिया तो उम्मीदवार हाथ जोड़कर खुद के समर्थन में वोट देने की अपील करते नजर आए। इतना ही नहीं कई उम्मीदवार तो वोटर्स को धोक लगाकर अपने पक्ष में मतदान करने की अपील करते दिखाई दिए। साथ ही उनकी मान-मनुहार भी ऐसे हो रही थी जैसे घर का मेहमान आया हो। मतदान सवेरे ८ बजे ही शुरू हो गया था। शुरुआत में मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दी। लेकिन जैसे-जैसे समय निकलता गया, वैसे-वैसे मतदाताओं की संख्या बढ़ती गई। कॉलेज परिसर के आस-पास ११-१२ बजे के बीच में विद्यार्थियों का हूजूम उमड़ पड़ा। एक बजे मतदान प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया।
मत पेटियों को
किया सील
मतदान के बाद में सभी मतदान पेटियों को सील में बंद कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया। वहीं मंगलवार सवेरे मतगणना के दौरान मतदान पेटियों को वापस लाया जाएगा। मतगणना सवेरे ११ बजे शुरू होगी।
ये रही मतदान
की स्थिति
सिरोही पीजी कॉलेज में २ हजार ७८० में से २ हजार २९ विद्यार्थियों ने मतदान किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ.कमला बंधु ने बताया कि ७२.९८ प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान के लिए इतना उत्साह रहा कि बीए तृतीय वर्ष की एक छात्रा बच्चे को साथ लेकर वोट देने पहुंची। इसी तरह राजकीय विधि कॉलेज में १३९ में से ११२ छात्रों ने मतदान किया। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. नवनीत कुमार वर्मा ने बताया कि ८०.५८ प्रतिशत मतदान रहा। इसी तरह महिला कॉलेज में ७७.१३ प्रतिशत मतदान हुआ। प्राचार्य डॉ. रेखा राणावत ने बताया कि ४६८ में से ३६१ छात्राओं ने मतदान किया।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.