दौसा. मौसम परिवर्तन के साथ ही घर-घर में लोग मौसमी बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल में एक ही दिन में आउटडोर दो हजार पार कर गया है। अभी तो आउटडोर की संख्या और बढऩे का अनुमान है। अस्पतालों में इलाज के लिए आने वाले मरीजों में से इस वक्त 70 फीसदी मरीज वायरल बुखार, उल्टी दस्त, पेट दर्द, खांसी, जुकाम व पीलिया समेत कई मौसमी बीमारियों के आ रहे हैं। जिला अस्पताल ही नहीं बल्कि शहर के निजी अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ देखी जा रही है। जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. बीके बजाज ने बताया कि मौसम बदलाव के साथ मरीजों का आउटडोर प्रतिदिन बढ़ रहा है। 11 सितम्बर को 2 हजार 189 मरीज जिला अस्पताल में आए थे, वहीं 184 मरीज भर्ती हुए थे।
थोड़ी लापरवाही पड़ जाती है भारी
सितम्बर शुरू होते ही अब सुबह एवं रात के समय गुलाबी सर्दी का अहसास होने लगा है। दिनभर धूप व गर्मी रहने के बाद गुलाबी सर्दी में लोग लापरवाही बरत देते हैं। ऐसे में वे सर्दी, जुकाम, बुखार की चपेट में आ रहे हैं। वहीं छान कर पानी नहीं पीने, हाथ साबुन से धोए खाना खाने से भी लोग पीलिया जैसी बीमारी की चपेट में आ जाते हैं।
मच्छरों का भी है प्रकोप
बारिश के कारण जगह-जगह गड्ढों, मकानों में भरे पानी में मच्छर पैदा रहे हंै। मच्छरों के दंश के कारण लोग वायरल बुखार आदि की चपेट में आ रहे हैं। चिकित्सा विभाग कई वर्षों से मच्छरों को मारने की दवा का छिड़काव नहीं करा रहा है। यहां तक जिले में स्क्रबटायफस ने भी पांव पसार लिए हैं।
एक बीमारी के लिए चार बार कतार में लगना पड़ता है
जिला अस्पताल में आने वाले मरीज इन दिनों काफी परेशान नजर आ रहे हैं। सुबह जल्दी जाकर काउंटर पर लम्बी कतार में लग कर पर्ची बनवानी पड़ती है। इसके बाद उनको चिकित्सक के चैम्बर में अपनी बारी का इंतजार करने के लिए काफी समय तक कतार में खड़ा रहना पड़ता है। बड़ी मुश्किल से चिकित्सक के पास नम्बर आता है। यहां चिकित्सक भी जब मरीज की जांच लिख देता है तो मरीज को जांच कराकर दिखाने में पूरा दिन लग जाता है। इसके बाद चौथी बार उसको दवाई के काउंटर पर दवा लेने के लिए कतार में खड़ा रहना पड़ता है। ऐसे में मरीज परेशान हो जाता है।
यह है पिछले महीनों का आउटडोर
जिला अस्पताल में जनवरी से जुलाई तक जिला अस्पताल में आकर इलाज कराकर जाने वाले एवं भर्ती होने वाले मरीजों का आंकड़ा।
माह आउटडोर इनडोर
जनवरी 46824 2184
फरवरी 46502 2850
मार्च 49271 2824
अप्रेल 43895 3577
मई 52781 4906
जून 46952 4437
जुलाई 53415 4625
सजग रहें, स्वस्थ रहें
बरसात के मौसम में मौसमी बीमारियां होती है। इस मौसम में वायरल बुखार, उल्टी, दस्त, पीलिया समेत कई बीमारियां होती है। लोगों को चाहिए वे खुले में नहीं सोए, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। ताजा भोजन ग्रहण करें। आसपास गंदा पानी एकत्रित नहीं होने दें।
डॉ. आर.के.मीना, प्रमुख विशेषज्ञ (मेडिसिन) जिला अस्पताल दौसा।





No comments:
Post a Comment