Breaking News
recent

देलवार मंदिर पर मेले का आयोजन में उमड़े श्रद्धालु

सवाईमाधोपुर. देलवार मेला समिति के तत्वावधान में बुधवार को जिला अस्पताल के पास स्थित देलवार मंदिर पर मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मेला समिति से जुड़े लोगों ने बताया कि आलनपुर के कलाकारों से अलगोजा वादन की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इसके बाद जहरीले कीड़े से पीडि़त लोगों की तांतियां काटी गईं। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यह सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। इससे पूर्व मंगलवार को रात्रि जागरण हुआ। इसमें गायक कलाकारों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं।

तेजाजी के मेले में उमड़े श्रद्धालु

कुण्डेरा. क्षेत्र के श्यामपुरा में जमूलखेड़ा गांव में बुधवार को तेजाजी का मेला लगा। तेजाजी मंदिर में सुबह से ही भक्तों का आना शुरू हो गया। इस दौरान तांतियां काटी गई। महिलाओं ने घरेलू सामान की खरीदारी की। श्यामपुरा गांव में ढांचा गायन पार्टी ने भी तेजाजी व हरिशचंद्र की कथा सुनाई। श्यामपुरा में नवयुवक मंडल की ओर से लोगों को शरबत पिलाया गया। नवयुवक मंडल के रेवतीरमण, खेमराज, प्रवीण, शिवचरण आदि मौजूद थे।

पीपलदा. कस्बे सहित क्षेत्र में बुधवार को वीर तेजाजी महाराज के मंदिरों पर वार्षिक मेला भरा। इससे पहले मंगलवार रात को तेजाजी महाराज की बिंदोरी निकाली गई। कस्बे में नहर के पास माली मोहल्ले में स्थित तेजाजी महाराज के मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ रही। इस बीच तांतियां काटी। मेले में पीपलदा सहित जस्टाना पीलूखेड़ा, धौराला आदि गांवों के लोग पहुंचे।

दहलोद मेले में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, 45 पीडि़त व्यक्तियों के बंध काटे

भाड़ौती. ग्राम पंचायत भाडौ़ती के दहलोद गांव में आयोजित दो दिवसीय वीर तेजाजी मेले में बुधवार को श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। कस्बे सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दहलोद गांव के बीच में स्थित देलवार बाबा स्थान पर पहुंचे जहां लोगों ने बाबा के दरबार में धोक लगाई। इसी दौरान श्रद्धालुओं ने वीर तेजा जी के मंदिर के परिक्रमा भी लगाई। आयोजन से जुड़े प्रीतम बना ने बताया कि पुजारी द्वारा 45 पीडि़त व्यक्तियों के बंध काटे गए। इसी प्रकार खिरनी में लगे वीर तेजाजी महाराज के मेले में पैदल झांकी के साथ भाड़ौती, कुण्डली नदी, बड़ागांव कहार लोग पहुंचे।


भजन संध्या में दी प्रस्तुति

बहरावण्डा खुर्द. गांव हलौंदा में देलवाल मेले की शुरुआत हुई। मेले की शुरुआत पूर्व केबिनेट मंत्री अशोक बैरवा ने की। मेले में भजन संध्या में गायन पार्टी ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दी। इस दौरान चौथमल बैरवा, सरपंच दूमोदा, कैलाश मीना जीएसएस अध्यक्ष, सत्यनारायण गुर्जर ईडीसी अध्यक्ष, बुद्धिप्रकाश मीना आदि मौजूद थे।


बहरावण्डा खुर्द. कस्बे में बुधवार को तेजाजी धाम पर ग्राम पंचायत बहरावण्डा खुर्द व ग्राम पंचायत अल्लापुर के तत्वावधान में मेले का आयोजन किया गया। मेले के दौरान कस्बे सहित आसपास के अल्लापुर, सुखवास, गंगानगर, छाण, सुमनपुरा, फरिया, दौलतपुरा सहित कई गांवों के श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए चौकी प्रभारी करतार सिंह मय जाप्ते के मौजूद रहे। देर शाम मेले का समापन किया गया।

स्टेट हाइवे जाम
तेजाजी मेले के चलते भारी वाहनों के फंसने से करीब एक घंटे तक जाम रहा। मेले में भीड़ रहने व हाइवे पर कम्पाइन, ट्रक और यात्री बसों के कारण जाम लग गया। जाम लगने से सड़क पर लोगोंं का निकलना मुश्किल हो गया। जाम हटाने के लिए पुलिस कर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.