अविनाश बाकोलिया / जयपुर. निवारू रोड स्थित सेंट टैरेसा स्कूल में पहली कक्षा के बच्चे को सजा के तौर पर कपड़े उतरवाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में परिजनों ने स्कूल प्रबंधन को शिकायत की तो वह जांच में आनाकानी करने लगे। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन क्लास के सीसीटीवी फुटेज दिखाने से भी इंकार कर रहा है और कह रहा है कि ऐसा कुछ मामला नहीं हुआ। वहीं परिजनों ने शनिवार को करधनी थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाई है।
बच्चे के पिता अविनाश यादव ने स्कूल प्रबंधन पर आरोप लगाया है कि उसके बेटे को स्कूल की शिक्षिका ने रक्षाबंधन से पहले पूरी कक्षा के सामने सजा के नाम पर कपड़े उतरवाए। इस घटना को उसके सहपाठी ने 28 अगस्त को अपने घर पर बताई। सहपाठी की मां ने हमारे घर पर बात बताई। इसके बाद 29 अगस्त को इस संबंध में बात करने के लिए सेंट टैरेसा स्कूल की प्रिंसिपल से मिले, तो उन्होंने आश्वासन दिया कि सीसीटीवी फुटेज देखकर घटना का पता लगाएंगे। इसके लिए प्रिंसिपल ने 6 सिंतबर तक का समय मांगा। जब 7 सितंबर को स्कूल प्रबंधन से मिले तो उन्होंने ऐसी कोई घटना होने से इंकार कर दिया। पिता का आरोप है कि प्रबंधन फुटेज दिखाने में सहयोग नहीं कर रहा है। इस संबंध में शिकायत दर्ज करवाने के लिए शिकायत पुस्तिका मांगी तो उन्होंने देने से इंकार कर दिया।
सीसीटीवी में नहीं रहता 15 दिन पुराना रिकॉर्ड
स्कूल में ऐसा कोई घटना नहीं हुई है। बच्चे के परिजन मेरे पास भी आए थे, जिनको मैंने 6 सितम्बर को बुलाया था। स्कूल में सीसीटीवी में 15 दिन पुराना रिकॉर्ड नही होता है।
सिस्टर जोमी, प्रिंसीपल, सेंट टैरेसा स्कूल, निवारू रोड
अभी जांच जारी
बच्चे को स्कूल में प्रताडि़त करने का मामला सामने आया है। स्कूल के सीसीटीवी फुटेज देखकर ही पता चलेगा कि उस दिन ऐसी कोई घटना हुई थी या नहीं। फिलहाल मामले को जांच में रखा है।
- प्रमोद कुमार, एएसआई, करधनी थाना





No comments:
Post a Comment