Breaking News
recent

गणपति बप्पा को धूमधाम से देंगे विदाई


चित्तौडग़ढ़. अनन्त चतुदर्शी पर्व के साथ ही रविवार को जिले भर में जारी दस दिवसीय गणेशोत्सव की धूम थम जाएगी। अनन्त चतुदर्शी पर्व रविवार को मनेगा। इस दौरान ढोल ढमाकों और डीजे के साथ शोभायात्राएं निकाल कर विनायक की प्रतिमाओं का जल में विसर्जन किया जाएगा। शहर में दुर्ग सहित उपनगरों से झांकियां निकाली जाएगी। उपनगरों सहित भीतरी शहर से छोटी-बड़ी झांकियां दिन में ही निकलना शुरू हो जाएगी। दिन में भी प्रतिमाओं का गंभीरी नदी पर विसर्जन किया जाएगा। यह क्रम देर रात तक जारी रहेगा। मुख्य समारोह रात आठ बजे शुरू होगा। मुख्य समारोह की झांकियों का जुलूस गांधी चौक से एक साथ बैंडबाजों के साथ रवाना होगा।यहां ट्रैक्टर में सुसज्जित झांकियां आकर्षण का केन्द्र होगी। झांकियों का जुलूस रात करीब १२ बजे बाद नदी पर पहुंचना शुरू होगा। दिन व रात भर प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम चलेगा।नौ दिनों से जारी गरबा, डांडिया नृत्य की धूम शनिवार रात परवान पर रही। शाम से देर रात तक शहर भर में गरबा, डांडिया की धूम रही।

कलक्टर एवं एसपी ने लिया तैयारियों का जायजा
प्रतिमा विसर्जन व जुलूस को लेकर पुलिस व प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। नदी पर नाव, गोताखोर सहित बैरिकेट्स लगाए गए हैं। पूरे शहर में झांकी निकलने वाले मार्गों सहित नदी पुलिया व तट पर पुलिस बल तैनात रहेगा। जिला कलक्टर इन्द्रजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक मनोज चौधरी ने शनिवार शाम रिमझिम बारिश के बीच नदी तट सहित झांकी निकलने वाले मार्गों का दौरा कर जायजा लिया। दोनों अधिकारी गांधी चौक, सदर बाजार, गोलप्याऊ, नेहरू बाजार आदि क्षेत्रों में घूमे। उन्होंने विसर्जन जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के बारे में भी चर्चा की।

पचास हजार लोगों के लिए सब्जी-पुड़ी महाप्रसाद
अनंत चतुर्दशी पर चित्तौड़ महोत्सव समिति की ओर से पुड़ी-सब्जी महाप्रसाद भी वितरित होगा। शहरवासियों के सामूहिक सहकार का अनूठा उदाहरण बन चुके इस आयोजन में शहर के हर वर्ग की सहभागिता है। गत सात वर्ष से हो रहे इस आयोजन के तहत इस बार पचास हजार लोगों के लिए महाप्रसाद तैयार किया जा रहा है। पिछले वर्ष करीब ४५ हजार लोगों के लिए महाप्रसाद तैयार हुआ था। महाप्रसाद के इस अनूठे आयोजन के लिए नगद राशि से सहयोग देने के अलावा आटा, सब्जी, तेल आदि पुड़ी-सब्जी निर्माण से जुड़ी खाद्य सामग्री भी लोगों ने उपलब्ध कराई है। रविवार सुबह से सब्जी व पुड़ी तैयार करने का कार्य शुरू हो जाएगा। समिति के अध्यक्ष सुनील ढीलीवाल व अन्य सदस्य आयोजन से जुड़ी तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहे। महाप्रसाद के रूप में पुड़ी के साथ सब्जी मिलेगी। ये सब्जी आलू, दानामैथी, पकौड़ी व नमकीन किसी की भी हो सकती है। दोपहर बाद महाप्रसाद वितरण शुरू होगा जो रात में सुभाष चौक से अंतिम प्रतिमा विसर्जन के लिए रवाना होने तक जारी रहेगा। महिलाओं के लिए नेहरू बाजार में महाप्रसाद वितरण की अलग व्यवस्था होगी।

 

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.