Breaking News
recent

कहां पर दंगल में जुटेंगे देश के नामी खिलाड़ी



चित्तौडग़ढ़. शहर के गोराबादल स्टेडियम में 27 सितम्बर से चार दिवसीय अंडर-23 आयु वर्ग में राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए गोराबादल स्टेडियम में अलग-अलग डोम बनाए जाएंगे। यह बात कुश्ती संघ के जिलाध्यक्ष व सांसद सीपी जोशी ने सांसद कक्ष में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने बताया कि कुश्ती संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजभूषण शरण व अन्य पदाधिकारियों से बैठक में चर्चा के बाद चित्तौडग़ढ़ में राष्ट्रीय स्तर की कुश्ती प्रतियोगिता के आयोजन का निर्णय किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में देश के करीब साढ़े तीन सौ महिला एवं साढ़े छह सौ पुरुष खिलाड़ी भाग लेंगे। इनमें सेना और रेलवे की टीमें भी शामिल होंगी। इसके अलावा दो सौ कोच व 40-45 निर्णायक मंडल के सदस्य भाग लेंगे। उन्होंने बताया रीको रोमन, फ्री स्टाइल व महिला कुश्ती की प्रतियोगिता एक साथ चलेंगी। प्रतियोगिता में प्रत्येक श्रेणी के तहत 10 भार वर्ग के मुकाबले होंगे। तीनों श्रेणी की प्रतियोगिताएं अलग-अलग डोम में लगाए गए मैटों पर आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि गोराबादल स्टेडियम के आसपास ही खिलाडिय़ों के आवास व भोजन की व्यवस्था की जाएगी। प्रतियोगिता के लिए 10 सदस्यीय संरक्षक मंडल का गठन किया गया है। इसमें सांसद, विधायक, नगर परिषद सभापति व नगर विकास न्यास के चेयरमैन शामिल हैं।
30 राज्यों की टीमें भाग लेंगी
एक सवाल के जवाब में सांसद जोशी ने बताया कि स्टेट लेवल स्पर्धाओं के परिणाम आने के बाद 15 सितम्बर तक प्रतियोगिता के लिए टीमें तय हो जाएंगी। इसमें 30 राज्यों की टीमों के साथ-साथ रेलवे और सेना की टीमें भी भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुक्रवार को चित्तौडग़ढ़ की टीम रवाना हुई है। चित्तौडग़ढ़ में पहली बार अंडर-23 आयु वर्ग में कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। सांसद जोशी के साथ पत्रकार वार्ता में जिला कुश्ती संघ के सचिव कैलाश गुर्जर, नगरपरिषद सभापति सुशील शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, युवा मोर्चा जिला प्रभार श्रवणसिंह राव आदि भी मौजूद थे।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.