जालोर. आबकारी विभाग ने सांचौर क्षेत्र से गुजरात जा रही शराब भरी एक कार जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। चालक ने कार की किस्त चुकाने के लिए शराब तस्करी करने की बात स्वीकारी है। जिला आबकारी अधिकारी विनोद वैष्णव ने बताया कि बुधवार देर रात गुजरात के लिए शराब की खेप जाने की सूचना मिली। इस पर सांचौर क्षेत्र में कार्रवाई की गई।इस दौरान गुजरात पासिंग एक कार को रुकवा कर उसमें भरी अंग्रेजी शराब बरामद की।कार में 16 कार्टून में 768 पव्वे भरे हुए थे। चालक चामुंडानगर निवासी (थराद-गुजरात) दिलीप भाई पुरोहित पुत्र गणपतलाल को गिरफ्तार कर लिया।आरोपित ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि कार की किस्तें चुकाने में मुश्किल आ रही थी। इस पर किसी ने शराब तस्करी करने की सलाह दी। इसलिए वह अपनी कार में माल ले जा रहा था। बरामद शराब अरुणाचलप्रदेश में बेचने के लिए निर्मित है।
पुलिस ने पकड़ी शराब
जालोर. सांचौर के अचलपुर से नारोली (गुजरात) सीमा की ओर पुलिस ने नाकाबंदी में लग्जरी वाहन जब्त कर शराब बरामद की। पुलिस के अनुसार वाहन में सवार मीरपुरा (शेरगढ़-जोधपुर) निवासी शकूरखां पुत्र हनीफखां व साबरसर (शेरगढ़-जोधपुर) निवासी कोजुखां पुत्र अब्बुखां को गिरफ्तार किया गया।गाड़ी में हरियाणा निर्मित शराब की 104 बोतल बरामद की गई।
सतर्कता बरतने पर कार पकड़ी
सांचौर क्षेत्र में अन्य राज्यों की शराब अवैध रूप से पहुंच रही है। यहां डम्पिंग यार्ड बने हैं, जहां से छोटे वाहनों में गुजरात के लिए आपूर्ति होती है। पत्रिका ने इस सम्बंध में सिलसिलेवार समाचार प्रकाशित कर ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद सतर्क हुए आबकारी महकमे ने यह मामला पकड़ा।
स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
जिले में दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस ने कार्रवाई कर स्मैक के साथ दो को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार बुधवार को नाकाबंदी के दौरान करडा चौराहे पर लासड़ी सांचौर निवासी दिनेशकुमार पुत्र ओखाराम मेघवाल की जांच की गई। उसके कब्जे से ऑटो रिक्शा में दो ग्राम स्मैक बरामद कर गिरफ्तार किया गया। रात को नाकाबंदी के दौरान करडा निवासी पुरुषोत्तम उर्फ राजूराम पुत्र भेराराम बिश्नोई को गिरफ्तार कर 2.36 ग्राम स्मैक बरामद की।
शराब की अवैध दुकानें चलाने की शिकायत
भीनमाल के समीप बोरटा में अवैध रूप से शराब बेचे जाने की शिकायत की गई है। नासोली निवासी माधुसिंह ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देकर बताया कि बोरटा में शराब की दुकान का लाइसेंस लेकर इसकी आड़ में रुचियार, बोरटा, भीमपुरा व नासोली में भी दुकानें चलाई जा रही है।





No comments:
Post a Comment