Breaking News
recent

देखो कैसा काम, पट्टिका पर पति का नाम!

श्रीगंगानगर. नगर विकास न्यास में गफलत चल रही है। ऐसा है तभी तो एक सडक़ निर्माण की अनावरण पट्टिका में महिला वार्ड पार्षद की जगह उनके पति का नाम लिख दिया गया। मौके पर मौजूद न्यास अध्यक्ष संजय महिपाल, उप सभापति अजय दावड़ा ‘लक्की’, पार्षद पूजा नागपाल सहित किसी का इस बड़ी त्रुटि की तरफ ध्यान नहीं गया। ‘राजस्थान पत्रिका’ ने गलती बताई तो जिम्मेदार बोले गलती हो गई।

हुआ यूं कि न्यास के वार्ड 27 में विनोबा बस्ती पार्क के सामने डामर रोड बन रही है। इसके लिए बकायदा कार्यक्रम रखा गया। न्यास अध्यक्ष को फूलमालाओं से लादा गया और पार्क के मुख्य द्वार के नजदीक पट्टिका लगा अनावरण करवाया गया। इसमें पंकज नागपाल को पार्षद बताया गया है जबकि पार्षद उनकी पत्नी पूजा है।
पहले भी हो
चुका ऐसा

भारत माता चौक पर विशाल राष्ट्रीय ध्वज स्थापित करने के न्यास के कार्यक्रम में भी कुछ ऐसी त्रुटि हुई। जिला प्रमुख प्रियंका श्योराण इसमें मौजूद नहीं थी लेकिन मंच संचालक ने उनके पति सुशील श्योराण को ‘जिला प्रमुख पति’ बोलते हुए मंच पर आसीन करवाया। इस सरकारी कार्यक्रम के मंच पर भाजपा नेताओं की भरमार थी, ऐसे में श्योराण को भाजपा नेता सम्बोधित देते हुए मंच पर बैठाया जाता तो शायद लोगों को अधिक नहीं अखरता।
मंशा है ऐसी

स्थानीय निकाय एवं पंचायत राज संस्थाओं के मामले में सरकार की स्पष्ट मंशा है कि महिला जन प्रतिनिधि का कोई परिजन बैठक कक्ष तक में नहीं आए। इस बारे में सरकार का मानना है कि महिला जन प्रतिनिधि के पति, पुत्र या अन्य किसी परिजन के हस्तक्षेप से महिलाओं को आगे बढ़ाने की भावना साकार नहीं होती। इसी तरह कृषि उपज मंडी समितियों की बैठक में महिला अध्यक्ष या उपाध्यक्ष के कोई परिजन पूर्व में लिखित आदेश के बिना बैठक कक्ष में नहीं आ सकते।

‘यह सही है कि पार्षद मेरी पत्नी है, अनावरण पट्टिका पर नाम में गलती हो गई। इस त्रुटि को सही करवाया जाएगा’
पंकज नागपाल, पार्षद पति।
‘भूलवश महिला पार्षद की जगह उनके पति का नाम लिखा गया। गलती को कल ही सही करवाया जाएगा’
संजय महिपाल, अध्यक्ष, नगर विकास न्यास।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.