हिण्डौनसिटी. सवर्ण व ओबीसी समाज के नोटा समर्थक लोगों ने मंगलवार को संकल्प रैली में करौली जा रहे कांग्रेस के नेताओं को काले झंडे दिखाए। इस दौरान पीसीसी प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट सहित अन्य नेताओं की संकल्प रैली की बस के आने से ऐन वक्त पहले कांग्रेस के ब्लाक अध्यक्ष नरेश गुर्जर काले झण्डे दिखा रहे लोगों से भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने गुर्जर को पकडक़र दूर किया। वहीं कुछ युवक गुर्जर एकता जिंदाबाद के नारे लगाते हुए सडक़ पर उतर आए।
इस बीच अचानक हुए पथराव से चौपड़ सर्किल पर अफरा-तफरी मच गई। सिर में पत्थर लगने से एक कांस्टेबल चोटिल हो गया। माहौल बिगड़ता देख संकल्प यात्रा की बस के साथ चल रहे कांगे्रस नेता अपनी कारों को दूसरी लेन से करौली की ओर दौड़ा ले गए। वाहनों के काफिले के बीच बस में चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सचिन पायलट, सीपी जोशी सहित अन्य नेता भी दूसरी लेन से निकल गए। उनके निकलने के बाद नोटा समर्थक फिर से सडक़ पर आ गए और हवा में काले झण्डे लहराने लगे। काफिले के निकलने के बाद करीब आधा घंटा तक माहौल गरमाया रहा। जिससे पुलिस ने मौके पर नजर बनाए रखी।
तीन घंटे तक दिखाए काले झंड़े-
सवर्ण-ओबीसी समाज के नोटा समर्थक चौपड़ सर्किल पर तीन घंटे तक काले झंडे लेकर डटे रहे। दौसा, अलवर, भरतपुर सहित अन्य जिलों से आ रहे कांग्रेस नेताओं को लोगों ने काले झण्डे दिखा कर प्रदर्शन किया। इस दौरान नोटा समर्थकों ने निजी वाहनों से करौली जा रहे पूर्व मंत्री मुरारीलाल मीणा, बृजकिशोर शर्मा, डीग-कुम्हेर विधायक विश्वेंद्र सिंह सहित अनेक नेताओं को काले झण्डे दिखा प्रदर्शन किया।
जाम में परेशान रहा आम-
करौली हुुई कांग्रेस की संकल्प रैली से शहर सुबह से दोपहर तक जाम में जकड़ा रहा। सुबह ६ बजे से ही कांग्रेस टिकटार्थियों के वाहनों की रेलमपेल शुरू हो गई। दिन चढऩे के साथ बयाना मार्ग, महवा मार्ग, करौली मार्ग पर कार्यकर्ताओं से भी कार-जीपों की कतार लग गई। ऐसे में निजी कार्यों से निकले लोग जाम में फंस गए। दोपहर में वाहनों की सडक़ों पर वाहनों की कतार लगी होने से कई स्कूलों ने आवागमन सामान्य होने के बाद स्कूल वैनों को रवाना किया।





No comments:
Post a Comment