कोटा. किशोर सागर तालाब की पाल पर रविवार दोपहर को जब गणपति बप्पा को महाविदाई देने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा था, इसी दौरान जेपी मार्केट के पास अचानक ऐसा वाकया हुआ कि तैनात पुलिस जवान तक के होश फाख्ता हो गए। एक किशोर फोन पर लड़की से बात करता हुआ अचानक तालाब में कूद गया। खास बात यह कि पुलिस वाला कुछ देर पहले उसे समझा भी रहा था।
हालांकि बड़ी मशक्कत के बाद ही सही, किशोर सागर में आत्महत्या करने के इरादे से कूदे इस किशोर की पुलिस कांस्टेबल ने पानी में कूदकर जान बचा ली।
हुआ यूं कि जेपी मार्केट के सामने किशोर सागर तालाब पर दोपहर करीब 2 बजे एक किशोर फोन पर बात करते समय रैलिंग पर चढ़कर कूद गया।
सवाईमाधोपुर से आया
घटनाक्रम के अनुसार सवाईमाधोपुर से आया जलधारी मीना (19) मोबाइल पर किसी लड़की से बात करते समय रो रहा था। तभी वहां जोधपुर से अनंत चतुर्दशी जुलूस की ड्यूटी में आए आरएसी के जवान बंशीलाल ने उसे समझाने की कोशिश की और अपने पास बिठा लिया।
लड़की से भी समस्या पूछी
जवान ने फोन पर उस लड़की से भी समस्या पूछी और कहा, यह आत्महत्या नहीं कर ले, इस समझाओ, बार-बार मरने की बात कर रहा है। इसी बीच जलधारी वहां से भागा और रैलिंग पार करके किशोर सागर में कूद गया।
तैरना नहीं जानता जवान
तैरना नहीं जानने वाले जवान बंशीलाल ने शोर मचाया, तभी वहां ड्यूटी पर नातैत यातायात शाखा के कांस्टेबल दुर्गालाल तालाब में कूदा और किशोर को बाहर निकालने का प्रयास किया। किशोर ने घबराकर उसकी गर्दन पकड़ी तो दुर्गालाल भी डूबने लगा। इसके बाद वहां खड़े एक अन्य चालक ने पानी में उतरकर दोनों को बाहर निकालने में मदद की। प्राथमिक उपचार के तौर पर किशोर को कृत्रिम श्वांस प्रक्रिया से जीवनदान दिया। होश आने पर उसे पुलिस चौकी को सौंप दिया।





No comments:
Post a Comment