Breaking News
recent

पोल खोल में पोल ही पोल, बाहर ही बाहर बोला हल्ला

जालोर. कांग्रेस सेवादल की ओर से रविवार को हल्ला बोल-पोल खोल कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन औपचारिक ही साबित हुआ। राजीव गांधी भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल कार्यकर्ताओं को सम्बोधन दिया गया तथा वाहन रैली भी बाहर ही बाहर से निकाल दी। इसमें अस्पताल चौराहे से हरिदेव जोशी सर्किल तक का कुछ हिस्सा छोड़ दे तो रैली का पूरा मार्ग सूना ही पड़ा हुआ था। ऐसे में न तो लोगों के बीच केंद्र व राज्य सरकार की पोल खोल सके और न ही सेवा दल कार्यकर्ताओं के हल्ले की आवाज लोगों तक पहुंची। अस्पताल चौराहा, हरिदेव जोशी सर्किल से रैली गुजरी तो सामान्य यातायात भी इसमें शामिल हो गया। एक यातायात पुलिसकर्मी भागता हुआ आया तथा दोनों ओर से वाहनों को रुकवाया। रैली के इंतजार में कलक्ट्री में खड़े पुलिस दल को भी हल्ले का शोरगुल सुनाई नहीं दिया। यही कारण रहा कि वे रैली गुजर जाने के दस मिनट बाद कलक्ट्री के बाहर पहुंचे। वहां खड़े दो युवकों से पूछा कि रैली कहां तक पहुंची, जवाब मिला रैली तो वापस राजीव गांधी भवन पहुंचकर विसर्जित भी हो चुकी होंगी।
इसलिए पता ही नहीं चला
सेवा दल की वाहन रैली राजीव गांधी भवन से रवाना होकर संजयनगर, अस्पताल चौराहा, हरिदेव जोशी सर्किल, मानपुरा वन-वे, कलक्ट्री, आहोर चौराहा, भीनमाल बाइपास होते हुए वापस राजीव गांधी भवन पहुंची। रविवार को अवकाश दिन होने से इस रूट के कार्यालय व कई दुकानें बंद होने से मार्ग सूना रहा। ऐसे में रैली कब आई और कब निकली लोगों को पता ही नहीं चला।
संगठन मजबूत बनाने का आह्वान
राजीव गांधी भवन में आयोजित हल्ला बोल-पोल खोल कार्यक्रम में जिला मुख्य संगठक वीरेंद्र जोशी ने राफेल घोटाला, बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र व राज्य सरकार पर आरोप लगाए। जिला सह प्रभारी रामसिंह राव ने सरकार की गलत नीतियों को गांव गांव तक पहुंचाने के लिए सेवादल को मजबूत करने का आह्वान किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष समरजीतसिंह, सेवादल जिला प्रभारी कमलेश रावल, पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल, रतन देवासी समेत अन्य वक्ताओं ने विचार व्यक्त किए। सवाराम पटेल, भरत मेघवाल, मिश्रीमल माली, शोभा सुंदेशा, लीला राजपुरोहित, लक्ष्मणसिंह सांखला, भोमाराम मेघवाल, जिला प्रवक्ता योगेंद्र कुमावत, जवानाराम परिहार, रमेश सोलंकी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कमियां रह जाती है...
कार्यक्रम में लगभग तीन सौ कार्यकर्ता एवं रैली में करीब सौ बाइक सम्मिलित हुए थे। वैसे हमारा यह पहला ही कार्यक्रम था इसलिए कुछ कमियां रह जाती है।
- वीरेंद्र जोशी, जिला मुख्य संगठक, सेवादल जालोर



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.