Breaking News
recent

बंद बाजारों के बीच मुख्यमंत्री राजे की गौरव यात्रा आज

बीकानेर. मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की गौरव यात्रा गुरुवार को बीकानेर संभाग में प्रवेश करेगी। मुख्यमंत्री सुबह नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगी। वहां से वे सीधे मुकाम में जम्भोजी के मंदिर में दर्शन करेंगी। इसके बाद वे कोलायत विधानसभा क्षेत्र में आरडी 860, पूगल और लूणकरनसर में जनसभाएं करेंगी। इसके बाद शाम को बीकानेर में उनका रोड शो का कार्यक्रम होगा।

 

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री का दौरा उस समय हो रहा है, जब ज्यादातर दुकानदारों ने भी एससी-एसटी एक्ट के विरोध में बाजार बंद रखने की घोषणा की है। वहीं बीकानेर में मुख्यमंत्री को एलीवेटेड रोड का विरोध कर रहे व्यापारियों का सामना भी करना पड़ सकता है। गौरव यात्रा जिले में सुबह १० बजे मुकाम में प्रवेश करेगी। वहां विश्नोई महासभा मुख्यमंत्री का स्वागत करेगी। तीन जगह जनसभाओं को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री बीकानेर आएंगी।

 

यहां पूर्व और पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा का स्वागत किया जाएगा। मुख्यमंत्री राजे शाम 5:30 को हेलीकॉप्टर से शहर में पहुंचेगी। इसके लिए पुष्करणा स्टेडियम में हेलीपैड तैयार किया गया है। आरडी 860 में देवीसिंह भाटी समेत कई नेताओं ने सभास्थल पर भीड़ जुटाने के लिए तमाम संसाधन झोंक दिए।

 

बीकानेर संभाग में यात्रा का प्रभारी स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचन्द कृपलानी को बनाया गया है। कृपलानी ने राजस्थान पत्रिका को बताया कि उन्होंने प्रदेश संगठन मंत्री के साथ पूरे संभाग में यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया है। बीकानेर, हनुमानगढ़ श्रीगंगानगर और चूरू के सभास्थल चयनित कर मंच की पुख्ता व्यवस्था की गई है। हर जगह यह देखा गया है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से यात्रा में शामिल होने के लिए पीले चावल बांटे जा रहे है या नहीं।

 

 

सभी जगह पोस्टर लगाने की व्यवस्था की गई है। संभाग में गौरव यात्रा का संदेश देने के लिए कहीं दीपावली मनाई जा रही है, कहीं आतिशबाजी की जा रही है। अनूपगढ़ में २१ हजार दीपक जलाए जाएंगे। बीकानेर में जन संदेश के लिए बाइक यात्रा निकाली गई है।

 

 

50-50 हजार लोगों को जोडऩे का प्रयास

मनीष पारीक ने बताया कि गौरव यात्रा के दौरान विश्नोई, राजपूत, जाट, ब्राह्मण और सभी समाजों को जोड़ा जा रहा है। जिले में आरडी ८६०, पूगल और लूणकरनसर में होने वाली सभा में ५०-५० हजार लोगों को जोडऩे का प्रयास किया गया है। बीकानेर शहर में स्वागत की भव्य तैयारी की गई है। शहर में चार स्थानों जस्सूसर गेट, सार्दुल सर्किल, सूरसागर एवं तीर्थ स्तम्भ पर ५ से १५ हजार के बीच लोग स्वागत में शामिल होंगे।

 

 


सीएम का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे गुरुवार को जयपुर से सुबह 9:30 बजे विशेष विमान से रवाना होंगी।
वे सुबह 10 बजे नाल एयरपोर्ट पहुंचेंगी और यहां से हेलीकॉप्टर से मुकाम जाएंगी।
मुकाम में दर्शन के बाद हेलीकॉप्टर से सुबह 11:40 बजे आरडी 860 जाएंगी और आमसभा को सम्बोधित करेंगी।
मुख्यमंत्री दोपहर एक बजे आरडी ८६० से रवाना होंगी और दोपहर 1:20 बजे पूगल पहुंचेंगी।
वे दोपहर बाद 3 बजे हेलीकॉप्टर से पूगल से रवाना होकर 3:30 बजे लूणकरनसर पहुंचेंगी। वहां जनसभा को सम्बोधित करेंगी।
सीएम शाम 5 बजे लूणकरनसर से से रवाना होकर शाम 5:30 बजे बीकानेर पहुंचेंगी। यहां स्वागत कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वे रात्रि विश्राम बीकानेर में करेंगी।
वे अगले दिन सुबह 10 बजे अनूपगढ़ के लिए रवाना होंगी।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.