परिवाद पेश: राजस्थान पत्रिका के समाचारों को बनाया आधार
पाली. शहर के रेलवे स्टेशन, मिलगेट, हाउसिंग बोर्ड व जोधपुर-पाली रोड मुख्य मार्ग पर क्षतिग्रस्त सडक़ की मरम्मत करवाने को लेकर स्थायी लोक अदालत में बुधवार को परिवाद पेश किया गया। इसमें राजस्थान पत्रिका में प्रकाशित समाचारों को आधार मानते हुए नगर परिषद आयुक्त, निदेशक रुडिप व निदेशक एलएण्डटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
राजस्थान पत्रिका ने 11 सितम्बर व 12 सितम्बर को समाचार प्रकाशित कर इस रोड पर क्षतिग्रस्त सडक़ का मुद्दा उठाया। मंगलवार को सुभाष नगर बी के निकट लोडिंग टेम्पो की चपेट से आठ वर्षीय बालिका की मौत हो गई। इसके बाद क्षेत्रवासियों ने सडक़ को ठीक करने, मवेशियों को हटाने की मांग को लेकर चार घंटे प्रदर्शन किया था। बुधवार को एडवोकेट श्रवण गोयल, राजेन्द्र कुमार, फिरोज खान, मुकेश आर्य, रमेश मेवाड़ा व खुमाराम परिहार ने स्थाई लोक अदालत में परिवाद पेश कर इसे ठीक करने व जिम्मेदार तीनों अधिकारियों को पाबंद कर उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग की।
इधर, शिवसेना ने जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन
पाली. खस्ताहाल सडक़ों से हो रहे हादसों को लेकर शिवसेना ने जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। शिवसेना जिला प्रमुख तेजाराम देवासी ने बताया कि सडक़ों की शीघ्र ही मरम्मत नहीं हुई तो शिवसैनिक सडक़ों पर उतरेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि मिल क्षेत्र से लेकर हाऊसिंग बोर्ड तक सडक़ पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। उन्होंने मरम्मत की गुहार लगाई।
सडक़ हादसे में पाली के जातरू की मौत
पाली/देचू. ठाडिया फाटा के निकट रामदेवरा जा रहे पैदल यात्री की केम्पर की टक्कर से मौत हो गई। एएसआई ओमाराम ने बताया कि पाली निवासी भीमाराम पुत्र घीसूलाल ने रिपोर्ट दी कि गांव से उसके साथ अशोक कुमार पुत्र भंवरलाल पैदल आठ सितम्बर से रवाना होकर रामदेवरा जा रहे थे। बुधवार की सुबह ठाडिया फाटा के पास केम्पर चालक ने गाड़ी को तेज व लापरवाही से चलाकर अशोक कुमार को पीछे से टक्कर मार दी। उसे देचू सीएचसी ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।





No comments:
Post a Comment