Breaking News
recent

स्लीपर बस ने दो जातरुओं को कुचला, मौत


जोधपुर.
जैसलमेर रोड पर केरू डम्पिंग स्टेशन के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही ट्रैवल्स एजेंसी की स्लीपर बस की चपेट से मोटरसाइकिल सवार दो जातरुओं की मौत और एक अन्य जातरू घायल हो गया। हादसा व बस के मौके से फरार होने पर गुस्साए जातरुओं ने जैसलमेर हाइवे पर जाम लगा दिया। राजीव गांधी थाना पुलिस ने समझाइश कर रास्ता खुलवाया और बस की तलाश में नाकाबंदी कराई, लेकिन फिलहाल बस पकड़ में नहीं आई।
थानाधिकारी लेखराज सियाग ने बताया कि मध्यप्रदेश में राजगढ़ जिले से जातरुओं एक दल मोटरसाइकिलों पर रविवार को जोधपुर आए। मसूरिया में बाबा रामदेव मंदिर के दर्शन करने के बाद दोपहर में रामदेवरा के लिए रवाना हुए। दोपहर करीब पौने दो बजे केरू डम्पिंग स्टेशन के सामने पहुंचने पर जैसलमेर की तरफ से तेज रफ्तार व लापरवाही से आ रही स्लीपर बस ने ओवरटेक के प्रयास में एक मोटरसाइकिल को चपेट में ले लिया। उस पर तीन जातरू सवार थे।
बस की चपेट से तीनों उछलकर सडक़ पर जा गिरे। दो जातरुओं को बस कुचलते हुए निकल गई। जिससे राजगढ़ जिले में पाटोर थानान्तर्गत दिलखेड़ी निवासी घीसाराम (६५) पुत्र प्यार पारदी व पचौर थानान्तर्गत आलोड़ी निवासी गोकल (४०) पुत्र किशन पारदी का मौके पर ही दम टूट गया। जबकि आलोड़ी गांव निवासी सोनू वैरागी (२३) पुत्र मोहनलाल वैरागी घायल हो गया। उसे एम्बुलेंस की मदद से मथुरादास माथुर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
पुलिस ने दोनों शव मथुरादास माथुर अस्पताल की मोर्चरी भिजवाए, जहां बगैर पोस्टमार्टम के परिजन को सुपुर्द किए गए। मृतक घीसाराम के पुत्र पीरूलाल की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।
पांच दिन से चल रहे हैं मोटरसाइकिल पर
हादसे के बाद स्लीपर बस मौके से फरार हो गई। पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कराई, लेकिन बस पकड़ में नहीं आई। हालांकि पुलिस का दावा है कि बस के नम्बर मिल गए हैं। उसके आधार पर दस्तायाब कर ली जाएगी। मृतक व साथी जातरू पांच दिन पहले राजगढ़ से रामदेवरा के लिए रवाना हुए थे।
पत्थर व अवरोधक रखकर हाइवे किया जाम
हादसे के बाद जातरुओं की मौके पर भीड़ जमा हो गई। हादसे व बस के फरार होने से गुस्साए जातरुओं ने पत्थर व अन्य अवरोधक रखकर जाम लगा दिया। जिससे दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद रास्ता खुलवाया।

 



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.