इटावा, सुल्तानपुर. मांगरोल
राजस्थान गौरव यात्रा झालावाड़ और बारां जिले में दो दिन में 324 किमी का सफर तय करते हुए रविवार को तीसरे दिन चम्बल की धरती पर पहुंच गई। सुबह अंता विधानसभा के मांगरोल में सभा की और यहां हैलीकाप्टर से कोटा जिले के इटावा कस्बे में पहुंची। यहां सभा में पांच साल के विकास कार्य गिनाते हुए मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा किजो काम पचास साल में नहीं किए, वह हमने पांच साल में कर दिखाए हैं।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश को गड्ढे में धकेला है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि हमारा खजाना कभी खाली नहीं होगा। जनता का पैसा जनता के विकास में लगाया जाएगा। निर्धारित समय से करीब सवा दो घंटे विलंब से इटावा पहुंची मुख्यमंत्री ने करीब चालीस मिनट के भाषण में सरकार की उपलब्धियों के साथ किसानों की कर्जमाफी क्षेत्र में कराए विकास कार्यों का जिक्र किया। सभा में कोटा-बूंदी सांसद ओम बिरला, भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परमानी, शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी, क्षेत्रीय विधायक विद्याशंकर नंदवाना, देहात जिलाध्यक्ष जयवीरसिंह आदि मंचासीन थे।
उन्होंने जेब भरने के अलावा कुछ नहीं किया
मांगरोल. यहां हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने पांच साल में विकास की ऐसी इबारत लिखी कि कांग्रेस कभी मिटा नहीं सकती। मुख्यमंत्री ने नाम लिए बगैर कहा कि पूर्व सरकार के पीडब्ल्यूडी मंत्री ने काम कराए होते तो आज बारां जिला चमन हो जाता। उन लोगों ने जेबें भरने के सिवा कुछ नहीं किया। ऐसे लोगों को बेनकाब करने की जरूरत है।
सैनी को कद्दावर नेता बताया
मुख्यमंत्री ने भाषण के दौरान कृषि मंत्री व अंता विधायक प्रभूलाल सैनी को कद्दावर नेता बताया। मुख्यमंत्री उनका नाम लेती उसके पहले ही सैनी हाथ जोडऩे लगे तो मुख्यमंत्री ने बात बदलते कहा कि अभी टिकट की घोषणा नहीं कर रही। टिकट सर्वे के आधार पर तय होगा।
किस मुद्दे पर क्या बोलीं
- बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सत्ता में आए तब प्रदेश में बिजली का ढांचा बिगड़ा हुआ था, बिजली कम्पनियां घाटे में थी। 400 करोड़ रुपए बिजली व्यवस्था के लिए दिए। हमने बिजली पर एक रुपया भी नहीं बढ़ाया है, वरन पांच सौ रुपए में ही बिजली कनेक्शन दिया है। 30 मार्च 2019 तक प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाएंगे।
--
किसान
सभी किसानों के कर्ज माफ किए। तीन हजार करोड़ रुपए वापस किसानों के बीच बांटे
--
शिक्षा
क्षेत्र के 47 विद्यालयों को क्रमोन्नत किया।
--
सिंचाई
एबरा के पास कालीसिंध नदी पर बांध का पहले चरण का काम शुरू हो गया है। यह बांध 37 हजार करोड़ में बनेगा।
--
महिला
बच्चियों के साथ दुष्कर्म पर आरोपी को फांसी की सजा तय की।





No comments:
Post a Comment