जयपुर. भाद्रपद के महीने में मानो मानसून सावन माह की कमी पूरी कर रहा है। सावन में भले ही लोगों को बारिश का इंतजार करना पडा हो, लेकिन भाद्रपद लगते ही बारिश की झड़ी शुरू हो गई। शनिवार को दिनभर बारिश का दौर चला। दोपहर करीब दो घंटे आई तेज बारिश ने एक ओर जहां गुलाबी नगरी को भिगो दिया, वहीं कुछ नुकसान भी हुआ। शनिवार को 40 किमी प्रति घंटा की हवा के साथ बारिश हुई। इससे पहले सामान्यतया हवा की स्थिति 10 किमी प्रति घंटा थी। चार गुणा तेज गति से हवा के साथ बारिश ने ड्रीम प्रोजेक्ट द्रव्यवती नदी के सौन्दर्यकरण पर पानी फेर दिया।
स्लेब उखड़कर पानी में बहे
बारिश ने द्रव्यवती नदी प्रोजेक्ट के समय पर काम पूरा होने की रफ्तार को ब्रेक लगा दिए हैं। प्रोजेक्ट के निर्माणाधीन हिस्से में लगातार परेशानी बढ़ती जा रही है। शनिवार को बहाव क्षेत्र में बिछाई गई कंक्रीट के धरातल हिस्सा उखड़ गया। कटाव के कारण स्लेब उखड़कर पानी में बह गए। रिद्धि-सिद्धि पुलिया के पास एक हिस्से को दूसरे हिस्से की तरफ स्लेब से जोडऩे का काम चला, लेकिन बारिश से आए पानी के कारण कटाव बढ़ गया। फिर से स्लेब वाला हिस्सा बह गया। यहां मशीनें भी पानी में डूब गई। ऐसे ही हालात न्यू आतिश मार्केट के पास व अन्य जगह भी रहेे, जिन्हें संभालने के लिए टीम जुटी रही। बम्बाला पुलिया और उसके आगे के हिस्से में भी परेशनी बढ़ी। बताया जा रहा है कि अभी तक 90 प्रतिशत काम हो चुका, लेकिन बाकी 10 प्रतिशत कार्य को निर्देशित समय पर पूरा करने में अफसरों के पसीने छूट रहे हैं। जबकि, मजदूर—कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर छह हजार करने का दावा किया जा रहा है।
दुबारा लगाया पोल-ट्रांसफार्मर
मानसरोवर, शिप्रा पथ पर पानी के कटाव से धंसी सड़क के कारण बिजली पोल गिरने पर उसे बदलने का काम शनिवार को चलता रहा। डिस्कॉम अधिकारियों ने सुबह मौका देखा, जिसके बाद काम शुरू हुआ। अधीक्षण अभियंता अजीत सक्सेना का कहना है कि इसका उपयोग केवल द्रव्यवती नदी में चल रहे काम के लिए हो रहा था। इधर नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर धंसी सड़क को सही कराने का काम शुरू कर दिया। जो गड्ढ़ा हुआ था उसमें मिट्टी डालकर उसे समतल कर दिया गया। एक्सईएन मनोज शर्मा ने बताया कि पानी का रिसाव होने की वजह से सड़क धंस गई थी।
फिर जाम, परेशान हुए शहरवासी
बारिश से सडकों पर पानी भरने से शहर में यातायात प्रभावित हुआ। परकोटा में देर शाम तक यातायात जाम की स्थिति बनी रही। परकोटा, टोंक रोड, सोडाला, वैशाली नगर, अजमेर रोड, मानसरोवर, सहित कई इलाकों में पानी भरने से यातायात रेंग-रेंग कर चला। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आधा इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई। वहीं कलक्ट्रेट पर 15 मिमी बारिश दर्ज की गई है। खास बात है कि अभी तक जयपुर जिले में सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश हुई है। लेकिन पिछले साल से ४ इंच अधिक बारिश हो चुकी है।
हो सकती है ८ इंच तक बारिश, अलर्ट जारी
इधर मौसम विभाग ने अलवर, भरतपुर, सवाईमाधोपुर, टोंक, कोटा, बारां, भीलवाड़ा जिले में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इसी के साथ धौलपुर, डूंगरपुर, झालावाड़, करौली, पाली में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने इन जिलों में ८ इंच तक तक बारिश होने की संभावना जताई है।
यहां रही विद्युत आपूॢत प्रभावित
श्याम नगर, निर्माण नगर के कुछ इलाके, झालाना कच्ची बस्ती, मानसरोवर में एसएफएस, सीताबाड़ी, भट्टा बस्ती, पुरानी बस्ती, गोविन्द नगर सहित अन्य इलाकों में बिजली गुल होने की शिकायतें आती रही।





No comments:
Post a Comment