Breaking News
recent

कुपोषण मुक्ति के लिए जागरुकता जरूरी

हिण्डौनसिटी. स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अन्तर्गत करौली रोड स्थित किरण पैलेस में बुधवार को आमुखीकरण कार्यशाला हुई। जिसमें मुख्य अतिथि विधायक राजकुमारी जाटव ने कहा कि जन जागरूकता व जन सहभागिता से ही कुपोषण से निजात मिल सकती है।
विधायक ने खुले में शौच मुक्त, पर्यावरण में निरंतरता, राष्ट्रीय पोषण मिशन, माहवारी स्वच्छता प्रबंधन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार ने महिलाओं व बच्चों के पोषण के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के माध्यम से विभिन्न कार्यक्रम चलाए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रोत्साहन राशि मिलने के बाद घर-घर में शौचालय निर्माण तो हो गया, लेकिन जागरूकता के अभाव में ग्रामीण अब भी खुले में शौच के लिए जा रहे हैं। इसके लिए सरकारी स्तर पर तो प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन जनसहभागिता भी जरूरी है।
विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के एक काचरौली निवासी लाभार्थी को प्रमाणपत्र प्रदान किया। साथ पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा की।


एसडीओ सुरेशचंद बुनकर ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव-ढाणियों में सफाई अभियान चलाने की बात कही। विकास अधिकारी नंदलाल शर्मा ने सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में आमजन की महत्ता को बताया। सीडीपीओ सत्येन्द्र नवारिया ने पोषण मिशन के साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों पर संचालित योजनाओं की जानकारी दी। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. उमेश गुप्ता ने बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता का महत्व बताया।

कार्यशाला में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं के पोषण के लिए सब्जी, दाल, फल आदि का प्रदर्शनी लगाई। विधायक ने मौजूद लोगों को स्वच्छता की सपथ दिलाई। इस दौरान अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी गोपालसिंह गुर्जर, सरपंच संघ अध्यक्ष ममता मीणा, काचरौली सरपंच चन्द्रपालसिंह, घोंसला सरपंच दीवानसिंह, ओपी चौधरी समेत आंगनबाडी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी व विभिन्न योजनाओं के लाभार्थी मौजूद थे। इस दौरान पंचायत राज कर्मचारियों ने भी विधायक को ज्ञापन सौंप समस्या समाधान की मांग की।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.