अजमेर।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा का छठा चरण अजमेर से शुरू हो रहा है। अजमेर संभाग में गौरव यात्रा का चरण सबसे संक्षिप्त और यह महज तीन दिन का ही है। संभाग में यह यात्रा गुरुवार से शुरू होकर 29 सितंबर तक चलेगी। अजमेर संभाग में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 29 विधान सभा क्षेत्रों में 9 जन सभाएं करेंगी और 8 जगह मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का यात्रा के दौरान स्वागत होगा। अजमेर संभाग के अजमेर, नागौर,टोंक और भीलवाडा में यात्रा 424 किलोमीटर चलेगी। यात्रा का समापन 6 अक्टूबर को अजमेर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर से अजमेर संभाग में शुरू हो रही यात्रा के कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे यात्रा की शुरूआत 11 बजे नागौर के मेडता के मीराबाइ मंदिर में पूजा अर्चना के साथ करेंगी और यहां उनकी एक जन सभा भी होगी।
इसके बाद 1.30 बजे डेगाना के पुनलोता में जन सभा को संबोधित करेंगी। शाम 3.30 बजे परबतसर में जन सभा को संबोधित करेंगी और शाम 5 बजे परबतसर के ही मंडवाडा चौराया और नांवा के कुचामन सिटी में मुख्यमंत्री का स्वागत होगा।
पीएम नरेन्द्र मोदी छह को अजमेर में
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छह अक्टूबर को अजमेर में रहेंगे। वे मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की राजस्थान गौरव यात्रा की समापन सभा में शामिल होंगे। गृहमंत्री गुलाब चंद कटारिया ने पत्रकारों को बताया कि इस सभा में भाजपा के 51 हजार 200 बूथों के कार्यकर्ता शामिल होंगे। समापन सभा में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होंगे।
नरेन्द्र मोदी कुछ समय पहले ही जयपुर में आए थे और लाभार्थी सम्मेलन को सम्बोधित किया था। इससे पहले 2013 में वसुंधरा राजे की सुराज संकल्प यात्रा के समापन में भी नरेन्द्र मोदी ही मुख्य अतिथि थे।





No comments:
Post a Comment