नई दिल्ली। भारतीय मुद्रा के अवमूल्यन और लागत बढ़ने से देश की अग्रणी वाहन निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की 30 सितंबर को समाप्त दूसरी तिमाही में 9.81 फीसदी घटकर 2,240.4 करोड़ रुपए रह गया। गत वित्त वर्ष की समान तिमाही में कंपनी ने 2,484.3 करोड़ रुपए का मुनाफा अर्जित किया था। कंपनी की ओर से गुरुवार को जारी वित्तीय परिणाम के आंकड़ों के मुताबिक आलोच्य तिमाही में कंपनी की आमदनी 22,291 करोड़ रुपए से बढ़कर 22,959 करोड़ रुपए हो गई। इस अवधि में कंपनी का कुल खर्च 18,788 करोड़ रुपए से बढ़कर 19,749 करोड़ रुपए हो गया।
62,241 करोड़ रुपए की हुई कंपनी
कंपनी की कुल परिसंपत्ति इस अवधि में 59,370 करोड़ रुपए से बढ़कर 62,241 करोड़ रुपए की हो गई। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी ने कुल 4,84,848 वाहनों की बिक्री की, जो बीते वित्त वर्ष की समान तिमाही में बिके वाहनों की तुलना में डेढ़ फीसदी कम है। हालांकि, मारुति सुजुकी को इस बिक्री से 21,552 करोड़ रुपए प्राप्त हुए जो गत वित्त वर्ष की समान अवधि में प्राप्त राशि से 0.5 फीसदी अधिक है। इस अवधि में कंपनी ने 4,55,400 वाहनों को घरेलू बाजार में बेचा और 29,448 वाहनों का निर्यात किया।





No comments:
Post a Comment