Breaking News
recent

कारों की बिक्री में 16 महीने की सबसे बड़ी गिरावट, लगातार घट रही मांग

नई दिल्ली। घरेलू बाजार में यात्री वाहनों की बिक्री लगातार तीसरे महीने घटी है और सितम्बर में यह 5.61 फीसदी की गिरावट के साथ 2,92,658 इकाई रह गयी। पिछले साल सितम्बर में देश में 3,10,041 यात्री वाहन बिके थे। यह पिछले साल जून (11.21 फीसदी) के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है। वाहन निर्माता कंपनियों के संगठन सियाम के अध्यक्ष राजन वढ़ेरा ने शुक्रवार को दिल्ली में सितम्बर के आंकड़े जारी करते हुए कहा कि पिछले साल सितम्बर में ही त्योहारी मौसम होने और जीएसटी के तहत उपकर बढ़ाने की आशंका से पहले हुई खरीद के कारण काफी ज्यादा बिक्री हुई थी। इस कारण बेस अफेक्ट की वजह से इस साल सितम्बर के आंकड़े तुलनात्मक रूप से कमजोर हैं।

5.57 फीसदी घटी बिक्री

आंकड़ों के अनुसार, यात्री वाहनों की श्रेणी में कारों की बिक्री 5.57 फीसदी घटकर 1,97,124 इकाई रह गई, जो जून 2107 (11.24 फीसदी) के बाद की सबसे बड़ी गिरावट है। पिछले साल 01 जुलाई से वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू किया गया था। इस कारण कीमतों में कमी की संभावना के कारण ग्राहकों ने जून में खरीद स्थगित कर दी थी। यात्री वाहनों में कारों के साथ उपयोगी वाहन और वैन शामिल हैं। उपयोगी वाहनों की बिक्री भी सितम्बर 2018 में 8.29 फीसदी की गिरावट के साथ 77,378 इकाई और वैनों की 7.27 फीसदी की बढ़त में 18,156 इकाई पर पहुंच गई।

दोपहिया वाहनों की बिक्री में 4.12 फीसदी की गिरावट

बढ़ेरा ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की धारणा मजबूत है और इसलिए आने वाले महीनों में यात्री वाहनों की बिक्री में सुधार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे वित्त वर्ष में यात्री वाहनों की बिक्री नौ फीसदी के आसपास रहेगी। पहले सियाम ने इसके नौ से 11 फीसदी के बीच रहने की संभावना व्यक्त की थी। आंकड़ों के अनुसार, सितम्बर में दोपहिया वाहनों की बिक्री 4.12 फीसदी बढ़कर 21,26,484 इकाई पर पहुंच गई। इसमें मोटरसाइकिलों की बिक्री में 7.04 फीसदी की तेजी रही और यह 13,60,415 इकाई पर पहुंच गई। वहीं, स्कूटरों की बिक्री में गिरावट देखी गई। सितम्बर में देश में कुल 6,66,476 स्कूटर बिके जो सितम्बर 2017 की तुलना में 2.91 फीसदी कम हैं। मोपेड की बिक्री 17.26 फीसदी बढ़कर 99,593 इकाई रही।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में जबरदस्त उछाल

वाणिज्यिक वाहनों में मजबूत तेजी का क्रम जारी रहा। मध्यम तथा भारी वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 25.97 फीसदी बढ़कर 39,208 इकाई और हल्के वाणिज्यिक वाहनों की 22.90 फीसदी बढ़कर 56,659 इकाई पर रही। वाणिज्यिक वाहनों की कुल बिक्री 24.14 फीसदी की तेजी के साथ 95,867 इकाई रही। तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 11.65 फीसदी की बढ़त के साथ 69,066 इकाई पर पहुंच गई। सितम्बर में सभी श्रेणी के सभी वाहनों की कुल घरेलू बिक्री 25,84,096 इकाई रही, जो सितम्बर 2017 के 24,91,425 वाहनों की तुलना में 3.72 फीसदी ज्यादा है। कुल निर्यात 17.05 फीसदी बढ़कर 4,14,428 पर पहुंच गया। इसमें यात्री वाहनों का निर्यात 0.40 फीसदी घटकर 58,059 इकाई रह गया। वाणिज्यिक वाहनों का निर्यात 13.21 फीसदी , तिपहिया वाहनों का 39.11 फीसदी और दोपहिया वाहनों का 18.08 फीसदी बढ़ा।



Rajasthan Darpan IFTTT

Rajasthan Darpan IFTTT

No comments:

Post a Comment

Powered by Blogger.