अलवर. शहर के स्टेशन रोड तेजमण्डी स्थित सिंडीकेट बैंक के एटीएम से मंगलवार रात एक शातिर चोर 1 लाख 90 हजार रुपए चोरी कर ले गया। चोर ने बड़ी ही शातिरी से पहले शटर का ताला खोला और फिर अंदर घुस पासवर्ड डालकर एटीएम का कैश बॉक्स खोलकर नकदी निकाली। करीब 12 घंटे बाद बुधवार सुबह पुलिस को घटना का पता चला। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। देर शाम तक पुलिस चोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिल सकी।
शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड तेजमण्डी स्थित एक बिल्डिंग की प्रथम मंजिल पर सिंडीकेट बैंक की शाखा है तथा उसके नीचे बैंक का एटीएम केन्द्र है। मंगलवार रात 8.32 बजे नकाबपोश एक चोर यहां आया। उसने चाबी से एटीएम केन्द्र के शटर का ताला खोला और अंदर घुस गया। इसके बाद पासवर्ड डालकर एटीएम मशीन और फिर कैश बॉक्स को खोला। शातिर चोर उसमें से 1 लाख 90 हजार रुपए चोरी कर फरार हो गया। एटीएम में करीब 3 लाख 8 हजार रुपए थे। चोर करीब 1 लाख 18 हजार रुपए एटीएम में ही छोड़ गया। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे पड़ोसी दुकानदार ने बैंक मैनेजर राजेन्द्र कुमार जैन को घटना की सूचना दी। इसके बाद मैनेजर जैन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके कुछ ही देर बाद डीएसपी डॉ. प्रियंका रघुवंशी, कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी और सीआईयू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने बैंक के बाहर और एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे। जिसमें एक युवक एटीएम केन्द्र का शटर व एटीएम मशीन खोलता नजर आ रहा है। उधर, कोतवाल जितेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि वारदात के सम्बन्ध में बैंक मैनेजर की रिपोर्ट मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
बैंक स्टाफ संदेह के घेरे में, पुलिस गश्त पर सवाल
शातिर चोर ने मंगलवार रात 8.32 बजे ही वारदात के लिए एटीएम में घुसा। 20 मिनट में पूरी वारदात को अंजाम देकर चला गया। चोर ने चाबी से शटर का ताला खोला और पासवर्ड डालकर एटीएम का कैश बॉक्स खोला। इससे यह स्पष्ट है कि चोर के पास शटर की डुप्लीकेट चाबी और एटीएम का पासवर्ड था। शटर की चाबी और एटीएम का पासवर्ड केवल बैंक स्टाफ के पास ही है। ऐसे में बैंक स्टाफ संदेह के घेरे में है। पुलिस ने घटना के बारे में बैंक के स्टाफ भी काफी देर तक अलग-अलग पूछताछ की। वहीं, रात साढ़े आठ बजे शहर के बीचों-बीच ऐसी बड़ी वारदात हुई और पुलिस को 12 घंटे तक भनक नहीं लगी। ये पुलिस गश्त और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलती है।
नोट बिखरे देखे तो दी सूचना
बैंक मैनेजर राजेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि एक अक्टूबर को शाम सात बजे बैंक और एटीएम बंद कर स्टाफ निकला। दो अक्टूबर को गांधी जयन्ती पर बैंक का अवकाश था। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे पड़ोसी दुकानदार ने एटीएम केन्द्र के बाहर बरामदे में 100 का नोट और शटर के पास 500 का नोट पड़ा देखा। उसने तत्काल उन्हें सूचना दी। बैंक मैनेजर और पुलिस अधिकारियों ने वहां पहुंच जब शटर खोलकर देखा तो एटीएम मशीन खुली और नोट बिखरे पड़े थे।
नकाब हटा, लेकिन चेहरा साफ नहीं दिखा
वारदात को अंजाम देने के दौरान एक बार चोर के चेहरे से नकाब भी हटा, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में उसका चेहरा साफ नजर नहीं आया। जिससे पुलिस को चोर की स्पष्ट पहचान कर पाने में मुश्किल हो रही है।
एटीएम में नहीं गार्ड
बैंक प्रबंधन की ओर से एटीएम में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे तो लगाए हैं, लेकिन कोई गार्ड नहीं है। शाम को बैंक बंद होने के साथ ही एटीएम के शटर का भी ताला लगा दिया जाता है। एटीएम में कैश भी बैंक स्टाफ द्वारा ही डाला जाता है।
500 व 100 के ही नोट ले गया चोर
चोर एटीएम में मशीन को खोलकर ट्रे में रखे 500 व 100 रुपए के सभी नोट समेट ले गया, जबकि 200 रुपए के नोटों वाली ट्रे और रिजेक्टेड नोटों की ट्रे में से राशि नहीं लेकर गया। एटीएम मशीन से बाहर 500-500 के दो व 100 का एक नोट भी पड़ा मिला।
चोर ने पहले चाबी से शटर खोला और फिर पासवर्ड से एटीएम मशीन को खोलकर कैश ले गया। इस सम्बन्ध में प्रकरण दर्ज कर गहनता तफ्तीश जारी है। संदेह के आधार बैंक स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
- डॉ. प्रियंका रघुवंंशी, सीओ सिटी, अलवर।





No comments:
Post a Comment