प्रकाश कुमावत/ जयपुर। प्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दलों के करीब दो दर्जन उम्मीदवार ऐसे थे जिन्हें जितने वोट मिले उनसे कहीं ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा। कद तथा लॉबिंग के चलते टिकट पाने वाले ऐसे नेताओं का पार्टी में अब भारी विरोध हो रहा है। मजबूत कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अपनों की नाराजगी उन्हें ले डूबी थी।
इस बार पार्टियां प्रत्याशी चयन को लेकर फूंक-फूंककर कदम रख रही है। पिछली बार बुरी तरह से हारे प्रत्याशियों का भारी विरोध हो रहा है। टिकिटार्थी शीर्ष नेतृत्व को ऐसे लोगों को टिकट नहीं देने के लिए दबाव बना रहे हैं। 2013 चुनाव में भाजपा-कांग्रेस के 22 प्रत्याशी ऐसे थे जिन्हें जीतने वोट मिले उससे ज्यादा अंतर से हारे थे। इनमें 11 ऐसे थे जो तीसरे, चौथे और पांचवे स्थान पर रहे थे।
कांग्रेसी दिग्गज चित
पिछले चुनाव सबसे बुरी हालात कांग्रेस के तत्कालीन प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चंद्रभान की हुई थी। प्रदेशाध्यक्ष के नाते वे मंडावा से टिकट हासिल करने में सफल हो गए, लेकिन अपनों की बगावत व स्थानीयों का विरोध इस कदर ले डूबा की उनकी जमानत तक जब्त हो गई। इसी तरह पिलानी में कांग्रेस के मदनलाल को 4,691 वोट मिले। विजयी प्रत्याशी सुंदरलाल से उनकी हार का अंतर 68,223 वोट का था और वे तीसरे स्थान पर रहे थे।
तीसरे व चौथे पर पहुंचे
खुद को मिले वोटों से ज्यादा हार का अंतर झेलने वाले अन्य 11 प्रत्याशी तो तीसरे, चौथे स्थान पर रहे। इनमें गंगानगर से कांग्रेस के जगदीश, धोद से नोपाराम, टोंक से जकिया तथा भाजपा के नवलगढ़ से प्रत्याशी जगदीश तीसरे स्थान पर रहे थे। कांग्रेस के अनूपगढ़ से हरीराम व भरतपुर से महेंद्र तिवारी चौथे स्थान पर रहे। अब पार्टी में इनकी दावेदारी को लेकर विरोध हो रहा है।
मोदी लहर में भी धराशाई
मोदी लहर के बावजूद नोखा विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी सहीराम को जनता ने इस कदर नकारा कि उन्हें पांचवे नंबर पर पहुंचा दिया था। उन्हें मात्र 4,247 वोट मिले। विजयी प्रत्याशी रामेश्वरलाल डूडी से उनकी हार का अंतर 66,554 वोट का था। इसी तरह बस्सी में भाजपा के कन्हैयालाल मीणा को कुल 17,818 वोट मिले, विजयी प्रत्याशी अंजू धाणका से उनकी हार का अंतर 30,227 वोट था। मंडावा से भाजपा के सलीम को 20,458 वोट मिले जो कि विजयी प्रत्याशी नरेंद्र से 38,157 कम थे।
नहीं बचा पाए अपनी साख
विधानसभा क्षेत्र------नाम----------पार्टी-------मत मिले-----------हार का अंतर
कोटपूतली------बनवारीलाल------भाजपा------23,286------------24,687
मालवीय नगर------अर्चना शमा------कांग्रेस------41,256------------48,718
सांगानेर------संजय बापना---------कांग्रेस------47,115------------65,350
अलवर शहर------नरेन्द्र शर्मा------कांग्रेस------22,562------------62,229
गंगापुर----------रामकेश----------कांग्रेस------25,853--------------28,375
मालपुरा------रामविलास चौधरी------कांग्रेस------36,578----------40,221
ब्यावर------मनोज चौहान------कांग्रेस---------37,665------------42,909
जालौर------रामलाल मेघवाल------कांग्रेस-------37,260 ------------46,800
पिंडवाड़ा-आबू------गंगाबेन-------कांग्रेस------30,598------------30,855
भीलवाड़ा------रामपालसोनी------कांग्रेस------45,466------------46,116
झालरापाटन------मीनाक्षी------कांग्रेस------53,488------------60,896





No comments:
Post a Comment